Bihar Politics: पटना के 1 अणे मार्ग में आज जेडीयू विधायक दल की बैठक हुई. इस बैठक में यह तय किया गया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष होने के तौर पर नीतीश कुमार विधायक दल का नेता और उपनेता दोनों का फैसला करेंगे. बैठक में सर्वसम्मति से नीतीश कुमार को इसके लिए अधिकृत किया गया. इस दौरान नीतीश कुमार ने बताया कि वे फिर बिहार की यात्रा पर निकलेंगे.
बैठक के बाद क्या बोले नीरज कुमार?
आज की बैठक में जेडीयू के कई सांसद और विधायक शामिल हुए. बैठक के बाद जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार ने कहा, जेडीयू के विधानमंडल की बैठक में नीतीश कुमार जी जो सर्वमान्य नेता हैं, उन्हें जदयू के विधायक दल का नेता चुनने के लिए अधिकृत कर दिया गया है. नीतीश कुमार ने जो राजनीति का मॉडल स्थापित किया, राष्ट्रीय स्तर पर बिहार केंद्र बना है.
निशांत कुमार पर क्या कहा?
नीरज कुमार ने यह भी कहा कि नीतीश कुमार ने आश्वस्त किया कि वे संसदीय कार्य से दिल्ली रहेंगे. लेकिन बिहार में प्रगति कार्यों की जानकारी लेते रहेंगे. इसके साथ ही निशांत कुमार को लेकर नीरज कुमार ने कहा कि वे बैठक में शामिल नहीं हुए थे और उन पर कोई भी चर्चा नहीं की गई. ऐसे में अब नीतीश कुमार विधायक दल का नेता किसे बनाते हैं, इसका इंतजार है.
डिप्टी सीएम विजय चौधरी का नाम सबसे आगे
विधायक दल का नेता को लेकर सबसे आगे डिप्टी सीएम विजय चौधरी का नाम है. वह सम्राट चौधरी सरकार में डिप्टी सीएम हैं और पार्टी में मजबूत पकड़ रखते हैं. इसलिए उन्हें विधायक दल का नेता बनाए जाने की संभावना ज्यादा मानी जा रही है. लेकिन बिजेंद्र प्रसाद यादव भी इस रेस में शामिल हैं. साथ ही निशांत कुमार के नाम की भी चर्चा है. लेकिन बिजेंद्र यादव और निशांत कुमार की संभावना कम है.
Also Read: BPSC AEDO Exam में ब्लूटूथ के इस्तेमाल पर एक्शन तेज, CCTV कैमरों की DVR को भेजा मुख्यालय
