लालू यादव ने 5 हजार रुपये में खरीदी थी यह जीप, अब तेजस्वी के आवास पहुंची, जानिए क्यों है इससे उनका खास लगाव

Lalu Yadav Jeep: राबड़ी देवी के सरकारी बंगला खाली करने के साथ ही लालू यादव की चर्चित जीप भी तेजस्वी यादव के आवास पहुंच गई है. करीब 5 हजार रुपये में खरीदी गई यह जीप लालू यादव के शुरुआती राजनीतिक सफर की गवाह रही है और आज भी उनके सबसे पसंदीदा वाहनों में गिनी जाती है.

Lalu Yadav Jeep: राबड़ी देवी के 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास खाली करने के साथ ही एक ऐसी गाड़ी भी चर्चा में आ गई है, जो लालू प्रसाद यादव की राजनीतिक यात्रा की गवाह रही है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लालू यादव की चर्चित महिंद्रा जीप अब तेजस्वी यादव के सरकारी आवास पहुंच गई है. इसी के साथ लालू यादव का कैरावान भी कौटिल्य नगर स्थित निजी आवास में शिफ्ट कर दिया गया है.

लालू यादव की पहली गाड़ी थी यह जीप

यह महिंद्रा जीप लालू यादव की पहली निजी गाड़ी मानी जाती है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने इसे अपने शुरुआती राजनीतिक जीवन में खरीदा था. लंबे समय तक यही जीप उनके चुनावी दौरे, जनसभाओं और राजनीतिक यात्राओं की साथी रही.

कोलकाता से खरीदी थी सेना की पुरानी जीप

बताया जाता है कि 1977 में सांसद बनने के बाद लालू यादव खुद कोलकाता गए थे. वहां उन्होंने सेना द्वारा इस्तेमाल के बाद बेची जा रही एक मिलिट्री डिस्पोजल जीप खरीदी थी. उस समय सांसदों और विधायकों को सेना की पुरानी गाड़ियां खरीदने की सुविधा मिलती थी. लालू यादव ने यह जीप करीब 5 हजार रुपये में खरीदी थी.

15 साल तक इसी जीप से किया सफर

जानकारी के अनुसार, सांसद बनने के बाद करीब 15 वर्षों तक लालू यादव ने इसी जीप का इस्तेमाल किया. गांव-गांव के दौरे से लेकर राजनीतिक कार्यक्रमों तक, यह जीप हमेशा उनके साथ रही. मार्च 1990 में बिहार का मुख्यमंत्री बनने के बाद ही उन्होंने पहली बार दूसरी सरकारी गाड़ी का उपयोग शुरू किया.

कई दिग्गज नेताओं ने भी की सवारी

यह जीप सिर्फ लालू यादव तक सीमित नहीं रही. समाजवादी राजनीति के कई बड़े नेता, जिनमें शरद यादव का नाम भी शामिल है, इस जीप में सफर कर चुके हैं. राजनीतिक गलियारों में इस जीप से जुड़ी कई दिलचस्प कहानियां भी सुनाई जाती हैं.

बंद होने पर नेताओं ने लगाया था धक्का

इस जीप की एक और खास बात यह रही कि कई बार रास्ते में खराब होने पर नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मिलकर इसे धक्का भी लगाया. यह किस्सा आज भी लालू यादव के पुराने सहयोगियों के बीच चर्चा का विषय रहता है.

आज भी जीप से है खास लगाव

लालू यादव का इस जीप से भावनात्मक रिश्ता आज भी बना हुआ है. कई मौकों पर उन्हें खुद इस जीप को चलाते देखा गया है. 24 नवंबर 2021 को उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर इस जीप को चलाते हुए एक वीडियो भी शेयर किया था, जिसे समर्थकों ने काफी पसंद किया था.

लालू यादव ने 2021 में किया था पोस्ट

बंगला खाली होने के साथ बदला जीप का ठिकाना

राबड़ी देवी द्वारा 10 सर्कुलर रोड का सरकारी आवास खाली किए जाने के बाद इस ऐतिहासिक जीप को भी वहां से हटा दिया गया. अब यह तेजस्वी यादव के सरकारी आवास पर रखी गई है. वहीं लालू यादव का कैरावान कौटिल्य नगर स्थित निजी आवास पहुंच चुका है.

बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें

राजनीतिक सफर की गवाह बनी जीप

करीब पांच हजार रुपये में खरीदी गई यह महिंद्रा जीप सिर्फ एक वाहन नहीं, बल्कि लालू यादव के लंबे राजनीतिक सफर की पहचान मानी जाती है. सांसद से लेकर मुख्यमंत्री और फिर राष्ट्रीय राजनीति तक की यात्रा में यह जीप उनके साथ रही. यही वजह है कि आज भी यह गाड़ी लालू परिवार और समर्थकों के लिए खास महत्व रखती है.

Also Read: क्या है Triple T फॉर्मूला? जिससे बिहार में खत्म होगा भ्रष्टाचार, CM सम्राट चौधरी ने बताया पूरा प्लान

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abhinandan pandey

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >