Bihar News: बिहार में इमरजेंसी नंबर डायल 112 से अब प्राइवेट एंबुलेंस भी जुड़ेंगे. बिहार में हो रहे रोड एक्सीडेंट को लेकर यह फैसला लिया गया है. पिछले दिनों इस मुद्दे पर विभागीय अधिकारियों की बैठक हुई थी. इस बैठक में परिवहन विभाग के सचिव राज कुमार ने अन्य अधिकारियों के साथ रोड एक्सीडेंट को लेकर रिव्यू मीटिंग की थी.
रिव्यू मीटिंग में क्या कुछ बात हुई?
रिव्यू मीटिंग में यह बताया गया कि मिजोरम के बाद बिहार ही देश का ऐसा दूसरा राज्य है, जहां रोड एक्सीडेंट सबसे ज्यादा होते हैं. इसके साथ ही इस दौरान इसकी वजह समय पर एंबुलेंस का उपलब्ध नहीं होना भी बताया गया. जानकारी के मुताबिक, बिहार में सरकारी और प्राइवेट एंबुलेंस की संख्या करीब 3700 है. इसमें से सरकारी एंबुलेंस मात्र 2 हजार ही है.
जब रोड एक्सीडेंट होते हैं और एंबुलेंस के लिए फोन किया जाता है. लेकिन घटनास्थल तक एंबुलेंस के पहुंचने में काफी समय लग जाता है. एंबुलेंस को फोन करने पर 10 मिनट के अंदर ही घटनास्थल तक पहुंचना होता है. लेकिन कई बार एंबुलेंस के पहुंचने में लगभग 25 मिनट तक का समय लग जाता है. ऐसी स्थिति में लोगों की जान चली जाती है.
परिवहन विभाग ने स्वास्थ्य विभाग को दिया आदेश
परिवहन विभाग ने इस सुविधा को लेकर पहल शुरू कर दी है. इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग को भी मामले में तैयारी शुरू कर देने का आदेश दे दिया गया है. समय के अंदर ही रोड एक्सीडेंट में घायलों को सहायता पहुंचे, इसे लेकर यह पहल की गई है. जानकारी के मुताबिक, बिहार के कई ट्रामा सेंटरों को चिह्नित भी किया गया है. इनमें इमरजेंसी सेवा के लिए 10 हॉस्पिटल को नोटिफाई किया गया है.
Also Read: पटना हॉस्टल कांड: गर्दनीबाग अस्पताल में 6 संदिग्धों का DNA टेस्ट, NEET छात्रा मौत मामले में जांच तेज
