Bihar News: बिहार में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पुलिस ढांचे के आधुनिकीकरण पर जोर दिया जा रहा है. राज्य सरकार ने पूर्वी चंपारण, अररिया, सारण और किशनगंज में नए चार मंजिला थाना भवन बनाने की मंजूरी दी है. इसके साथ ही बेगूसराय में आधुनिक एसपी कार्यालय भवन का निर्माण किया जाएगा. इस प्रोजेक्ट पर करीब 46.34 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे.
चार जिलों में बनेंगे आधुनिक थाना भवन
बिहार में पूर्वी चंपारण, अररिया, सारण और किशनगंज जैसे महत्वपूर्ण जिलों में अब विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस नए थाना भवनों का निर्माण होगा. उपमुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने इसके लिए 46.34 करोड़ रुपये की राशि को प्रशासनिक स्वीकृति दे दी है.
सरकार का लक्ष्य है कि पुलिस व्यवस्था को केवल सख्त ही नहीं, बल्कि संसाधनों से संपन्न भी बनाया जाए.
बेगूसराय में बनेगा नया एसपी कार्यालय
इस योजना का एक बड़ा हिस्सा बेगूसराय जिले के नाम रहा है. यहां पुलिस अधीक्षक (SP) के लिए एक नए और भव्य कार्यालय भवन का निर्माण किया जाएगा. यह भवन जी-प्लस-3 संरचना यानी चार मंजिला होगा, जिस पर करीब 853.91 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे.
इसके साथ ही पूर्वी चंपारण के छतौनी थाना परिसर में 11.44 करोड़ की लागत से आधुनिक थाना भवन बनेगा. अररिया के नरपतगंज, सारण के मढ़ौरा और किशनगंज के दीघलबैंक में भी करोड़ों की लागत से नए भवनों का निर्माण शुरू होगा. इन इमारतों में पुलिसकर्मियों के लिए आवास, फर्नीचर और अन्य सभी जरूरी आधारभूत संरचनाएं मौजूद रहेंगी.
सुपौल में जवानों को मिलेगी ट्रेनिंग की खास सुविधा
सुरक्षा बलों की दक्षता बढ़ाने के लिए एसएसबी (SSB) के रिक्रूट प्रशिक्षण केंद्र में 100 मीटर सेमी इंडोर बफल रेंज के निर्माण के लिए जमीन आवंटित की गई है. किशनपुर अंचल के मौजा आसनपुर कुपा में 38 डिसमिल जमीन 10 साल के लिए प्रशिक्षण और फायरिंग अभ्यास के लिए दी गई है.
पुलिस ढांचे को आधुनिक बनाने पर जोर
बिहार में कुल 1380 थानों में से अब तक 1002 थानों के भवनों के निर्माण की मंजूरी मिल चुकी है. राज्य में पुलिस इंफ्रास्ट्रक्चर का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है, जिसके तहत 747 थानों के नए भवन बनकर तैयार हो चुके हैं और 177 भवनों पर काम तेजी से चल रहा है.
Also Read: UPSC के 301वें रैंक पर दो आकांक्षा सिंह का दावा, सोमवार को आयोग बताएगा सच्चाई
