पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो उपेंद्र प्रसाद सिंह ने बुधवार विश्वविद्यालय परिसर में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का उद्घाटन किया. उन्होंने कहा कि इस सेंटर का उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और चिंता, अवसाद, परीक्षा तनाव और सामंजस्य जैसी समस्याओं का परामर्श के माध्यम से समाधान करना है. हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर की नोडल अधिकारी सह प्रॉक्टर प्रो कीर्ति ने बताया कि वर्तमान समय में बढ़ती चुनौतियों के कारण मानसिक तनाव सामान्य हो गया है. ऐसे में यह सेंटर विशेषज्ञों के माध्यम से जरूरतमंदों को उचित मार्गदर्शन और सहायता प्रदान करेगा. कुलसचिव प्रो अबू बकर ने कहा कि यह सेंटर विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने के साथ-साथ उनके करियर निर्माण में भी सहायक होगा. वरिष्ठ मनोवैज्ञानिक डॉ मनोरंजन प्रसाद ने मानसिक स्वास्थ्य और काउंसेलिंग से संबंधित बहुमूल्य सुझाव दिये. इस अवसर पर सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता पुष्पराज सिंह ने शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए लोगों को जागरूक करने के आवश्यकता बतायी व इस सिलसिले में हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया. वहीं चीफ मेडिकल आफिसर डॉ एनके राणा ने स्वस्थ जीवन के लिये स्वस्थ लाइफ स्टाइल और खान-पान के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला. इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों के काउंसेलिंग सेंटरों के नोडल अधिकारियों के लिए ओरिएंटेशन प्रोग्राम का आयोजन किया गया, जिसमें डॉ इशा सिंह और डॉ शुभम ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से मानसिक तनाव से मुक्ति और स्वस्थ जीवन शैली पर विस्तार से चर्चा की. कार्यक्रम में डीन प्रो राजीव रंजन, सीसीडीसी प्रो शिव कुमार यादव, वित्तीय सलाहकार शशि रंजन, प्रो कृष्णानंदन प्रसाद, प्रो रीति कुमारी, डॉ रवि रंजन, डॉ प्रणय गुप्ता तथा कुलपति के ओएसडी डॉ शोला चंद्रा सहित विश्वविद्यालय के कई पदाधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे.