Bihar Rain Alert: बिहार के 11 जिलों में बुधवार शाम मौसम ने अचानक करवट ले ली. पटना, बक्सर और सिवान में तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश हुई. कैमूर-मधुबनी में भी बारिश के साथ ओले गिरे. बांका, जमुई और बगहा में भी बारिश हुई. वहीं मुजफ्फरपुर, किशनगंज समेत 6 जिलों में बादल छाए हुए हैं.
प्री-मानसून गतिविधियों के एक्टिव होने से राज्य के ज्यादातर हिस्सों में आंधी, बारिश और ठनका गिरने की संभावना जताई गई है. मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 3 मई तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा, जिससे लू से राहत मिलेगी.
मौसम विभाग ने राज्य के सभी 38 जिलों में अलर्ट जारी किया है. इनमें 19 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 19 जिलों में यलो अलर्ट घोषित किया गया है. विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी है.
कई जिलों में बदला मौसम, कहीं बारिश तो कहीं ओले
बुधवार को कैमूर में दोपहर बाद बारिश के साथ ओले भी गिरे. वहीं बगहा, खगड़िया और बक्सर में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है. आसमान में बादल छाए हुए हैं और बारिश की संभावना बनी हुई है.
इन जिलों में भारी बारिश और तेज हवा की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक, किशनगंज, मधुबनी और सीतामढ़ी में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. उत्तर बिहार के कई जिलों में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और वज्रपात की आशंका है. वहीं दक्षिण और मध्य बिहार के जिलों में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है.
क्यों बदला मौसम? जानिए वजह
- चक्रवातीय परिसंचरण: पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर बना सिस्टम
- ट्रफ लाइन: बिहार से होकर दक्षिण भारत की ओर गुजर रही है
- नमी: अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाएं
इन कारणों से बिहार के मौसम में अचानक बदलाव देखा जा रहा है.
पटना में सुहावना हुआ मौसम
राजधानी पटना में भी मौसम सुहावना बना हुआ है. अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो पहले की तुलना में कम है. तेज हवा और बादलों की वजह से लोगों को गर्मी से राहत मिली है. मौसम विभाग ने पटना समेत आसपास के जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान हल्की बारिश और तेज हवा चलने की संभावना जताई है. ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
Also Read: दिल्ली गोलीकांड पर CM सम्राट का ऐलान, बिहारी युवक के परिवार को मिलेगा 8 लाख मुआवजा
