Bihar News: पटना की कुछ मुख्य सड़कें और कॉलोनियों में स्ट्रीट लाइट खराब होने या फिर स्ट्रीट लाइट इस्टॉल नहीं होने की वजह से अंधेरा पसरा रहता है. बताया जा रहा है कि मेंटेनेंस और संचालन करने वाली एजेंसी का बकाया होने की वजह से मरम्मत धीमी गति से हो रही है.
शहर को अंधेरे से मुक्त करने के लिए पटना नगर निगम ने मास्टर प्लान तैयार किया है. शहर के अलग-अलग अंचलों में 25 हजार नई स्ट्रीट लाइटें लगाई जायेंगी. इसमें करीब 30 करोड़ रुपए खर्च होंगे. यह राशि इंस्टॉलेशन से लेकर संचालन तक में खर्च होगी.
35 नई हाईमास्ट लाइटें भी लगाई जायेंगी.
जानकारी के मुताबिक, प्रमुख चौराहों पर 35 नई हाईमास्ट लाइटें इंस्टॉल होंगी. हर हाईमास्ट लाइट की लंबाई 12.5 मीटर होगी और इसमें 1200 वाट की क्षमता वाली 6 फ्लड लाइटें लगेंगी. इन्हें लगाने में करीब 1.63 करोड़ रुपए खर्च किए जायेंगे. यह खर्च हुडको की ओर से सीएसआर मद से किया जाएगा.
किस जगह कितनी लाइटें लगेंगी?
सबसे ज्यादा 12 लोकेशनों पर नूतन राजधानी अंचल में हाईमास्ट लाइटें लगाई जायेंगी. जबकि कंकड़बाग और बांकीपुर में पांच, पाटलिपुत्र में सात, अजीमाबाद में दो और पटना सिटी में एक लाइट लगेगी. इसके अलावा जरूरत पड़ने पर अन्य लोकेशनों पर भी यह लाइट लगेंगी. इसके लिए निगम दो करोड़ रुपए बजट से पास कराया है.
नया इंस्टॉलेशन होगा आईओटी बेस्ड
वर्तमान में शहर में 166 हाईमास्ट लाइटें काम कर रही हैं. खास बात यह है कि नया इंस्टॉलेशन पूरी तरह आईओटी और सेंसर आधारित होगा, जिससे रोशनी कम होते ही लाइटें खुद जल जायेंगी और सुबह होते ही बुझ जायेंगी. इसके संचालन के लिए एक सेंट्रलाइज्ड कमांड सेंटर भी बनेगा, जिससे बिजली की बचत के साथ-साथ रियल-टाइम मॉनीटरिंग भी संभव होगी.
Also Read: इस बार बिहार पंचायत चुनाव में चिप वाले EVM से डाले जायेंगे वोट, जानिए खायिसत
