Bihar Mukhyamantri Mahila Rojgar Yojana: बिहार की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए शुरू की गई मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है. इस योजना की दूसरी किस्त अगले महीने यानी जुलाई से महिलाओं के खातों में भेजी जाएगी. इस बार सरकार जीविका से जुड़ीं महिलाओं के बैंक अकाउंट में डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के जरिए सीधे 20-20 हजार रुपये ट्रांसफर करेगी.
किसी वजह से जिन महिलाओं की पहली किस्त छूट गई थीं, उन्हें भी 10-10 हजार रुपये दिए जाएंगे. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने यह ऐलान किया है. उन्होंने कहा कि जुलाई में इसके लिए एक भव्य कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल होंगे.
20 लाख महिलाओं को मिलेगी दूसरी किस्त
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को गयाजी में एक जनसभा के दौरान बताया कि बिहार की 1.81 करोड़ जीविका दीदियों के खातों में रोजगार शुरू करने के लिए 10-10 हजार रुपये की पहली किस्त पहले ही भेजी जा चुकी है. अब सरकार ने ऐसी 20 लाख महिलाओं की पहचान कर ली है, जिन्होंने उस पहली किस्त का सही इस्तेमाल करके अपना काम शुरू किया. इन महिलाओं को अब अपने बिजनेस को आगे बढ़ाने के लिए दूसरी किस्त के रूप में 20-20 हजार रुपये दिए जाएंगे.
पीएम मोदी और अमित शाह के सामने ट्रांसफर होगा पैसा
सीएम ने कहा कि सरकार की पूरी कोशिश है कि जुलाई में जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह बिहार के दौरे पर आएं, उसी दिन यह पैसा ट्रांसफर किया जाए. कार्यक्रम के मंच से ही अच्छा काम करने वाली जीविका दीदियों को 20-20 हजार रुपये की दूसरी किस्त और छूटी हुई महिलाओं को 10-10 हजार रुपये की पहली किस्त उनके बैंक खातों में सीधे भेज दी जाएगी.
पिछले साल विधानसभा चुनाव से पहले शुरू हुई थी योजना
इस योजना की शुरुआत पिछले साल बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले हुई थी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 26 सितंबर 2025 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इस योजना का शुभारंभ किया था, जिसमें तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी शामिल थे. योजना का मकसद महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करना है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
रोजगार बढ़ाने के लिए मिलेंगे 2 लाख रुपये तक
योजना के नियमों के मुताबिक, जीविका से जुड़ने वाली महिलाओं को शुरुआत में 10 हजार रुपये दिए गए ताकि वे कोई छोटा-मोटा काम शुरू कर सकें. सरकार ने कहा था कि 6 महीने बाद काम का रिव्यू किया जाएगा. जिन महिलाओं का काम अच्छा पाया जाएगा, उन्हें अपना स्वरोजगार और बड़ा करने के लिए दो लाख रुपये तक की आर्थिक मदद दी जाएगी. इसी वादे के तहत अब चुनी गई 20 लाख महिलाओं को 20 हजार रुपये की अगली किस्त मिलने जा रही है.
इसे भी पढ़ें: नेपाल के होटल से अस्पताल तक, प्रिंस यादव के दोस्तों ने बताया उस रात क्या-क्या हुआ
बिहार के इन 8 जिलों में 60 KM की स्पीड से चलेगी हवा, IMD ने बताया 20 जून तक कैसा रहेगा मौसम का हाल
