जेडीयू की संभावित लिस्ट में निशांत कुमार समेत इन नेताओं के नाम, MLC चुनाव को लेकर हलचल तेज

Bihar MLC Election: बिहार विधान परिषद की 9 सीटों पर चुनाव को लेकर सभी दल एक्टिव हो गए हैं. जेडीयू और आरजेडी उम्मीदवारों के नाम तय करने में जुटी हैं. जीतन राम मांझी ने भी अपनी पार्टी के लिए एक सीट की मांग रख दी है. आने वाले दिनों में बिहार की राजनीति और गरमा सकती है.

Bihar MLC Election: बिहार विधान परिषद की 9 सीटों पर चुनाव की घोषणा होते ही सभी दल अपने-अपने उम्मीदवारों को लेकर अंदरखाने बैठकों और चर्चाओं में जुट गए हैं. चुनाव आयोग ने इन सीटों पर चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है. मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 28 जून को खत्म हो रहा है.

जेडीयू में कई नामों पर चर्चा

जेडीयू में संभावित उम्मीदवारों को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है. पार्टी के अंदर जिन नामों की चर्चा तेज है, उनमें निशांत कुमार, ललन मंडल और राजीव कुमार सिंह शामिल हैं. इसके अलावा सहनी समाज से भी किसी नेता को मौका देने की बात कही जा रही है. ऐसे में बीजेपी नेता भीष्म साहनी या किसी दूसरे सहनी नेता के नाम पर भी विचार हो सकता है.

निशांत कुमार को लेकर चर्चा इसलिए भी ज्यादा है क्योंकि हाल ही में उन्हें मंत्री बनाया गया है, लेकिन वह अभी न तो विधानसभा के सदस्य हैं और न ही विधान परिषद के. ऐसे में माना जा रहा है कि उन्हें एमएलसी चुनाव में उम्मीदवार बनाया जा सकता है.

आरजेडी भी तैयारी में जुटी

आरजेडी भी विधान परिषद चुनाव को लेकर रणनीति बनाने में लगी है. पार्टी एक सीट पर अपना मजबूत दावा मान रही है. बताया जा रहा है कि उम्मीदवारों के नाम पर आखिरी फैसला खुद तेजस्वी यादव करेंगे.

फिलहाल तेजस्वी यादव दिल्ली में हैं और माना जा रहा है कि 30 मई या 1 जून तक पटना लौट सकते हैं. वहीं लालू प्रसाद यादव 29 मई को इलाज के लिए सिंगापुर जाने वाले हैं. पहले तेजस्वी अपने पिता को दिल्ली से सिंगापुर रवाना करेंगे, फिर पटना लौटकर चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देंगे. चर्चा है कि जून के पहले हफ्ते में आरजेडी अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर सकती है.

मांझी ने भी रखी सीट की मांग

केंद्रीय मंत्री और हम पार्टी के प्रमुख जीतन राम मांझी ने भी एनडीए से अपनी पार्टी के लिए एक सीट की मांग दोहराई है. उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी लंबे समय से यह मांग कर रही है. मांझी का कहना है कि अगर उनकी पार्टी को एक सीट मिलती है तो इससे एनडीए गठबंधन और मजबूत होगा. उन्होंने यह भी कहा कि इस मुद्दे पर वह दिल्ली जाकर बीजेपी के केंद्रीय नेताओं से बातचीत करेंगे. मांझी ने साफ कहा कि उनकी पार्टी हमेशा एनडीए के साथ मजबूती से खड़ी रही है.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

इन नेताओं का खत्म हो रहा कार्यकाल

जिन नेताओं का कार्यकाल खत्म हो रहा है, उनमें जेडीयू की कुमुद वर्मा और प्रोफेसर गुलाम गौस, आरजेडी के मोहम्मद फारूख और बीजेपी के भीष्म साहनी शामिल हैं. इसके अलावा बीजेपी के संजय प्रकाश उर्फ संजय मयूख, कांग्रेस के समीर कुमार सिंह और आरजेडी के सुनील कुमार सिंह का कार्यकाल भी समाप्त हो रहा है. जेडीयू से मंत्री बने भगवान सिंह कुशवाहा पहले ही विधान परिषद से इस्तीफा दे चुके हैं. इसके साथ ही मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के इस्तीफे से खाली हुई सीट पर भी चुनाव कराया जाएगा.

इसे भी पढ़ें: बिहार पुलिस के 6 IPS अब केंद्र में संभालेंगे बड़ी जिम्मेदारी, आईजी रैंक के लिए चुने गए

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Paritosh shahi

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >