5 साल में रुकेगा बिहार से पलायन, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी बोले- हर मजदूर को यहीं मिलेगा रोजगार

Bihar News: बिहार से मजदूरों के पलायन को रोकने के लिए सरकार ने बड़ी योजना बनाने का दावा किया है. डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा है कि अगले पांच वर्षों में मजदूरों के पलायन को पूरी तरह रोकने का लक्ष्य है. इसके लिए हर मजदूर की पहचान कर उन्हें बिहार में ही रोजगार उपलब्ध कराने की योजना पर काम शुरू कर दिया गया है.

Bihar News: बिहार से मजदूरों के पलायन का मुद्दा लंबे समय से राजनीतिक और सामाजिक चर्चा का विषय रहा है. अब राज्य सरकार ने इसे रोकने के लिए बड़ी योजना बनाने का दावा किया है. बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा है कि अगले पांच वर्षों में बिहार से मजदूरों का पलायन रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे. सरकार का लक्ष्य है कि लोगों को अपने ही राज्य में रोजगार के पर्याप्त अवसर मिलें.

हर मजदूर को दिया जाएगा रोजगार

सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार एक-एक मजदूर की पहचान करेगी. इसके बाद उन्हें स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी. उन्होंने कहा कि पलायन की समस्या का स्थायी समाधान तभी होगा जब बिहार में ही रोजगार के बड़े अवसर तैयार किए जाएं.

डिप्टी सीएम सोमवार को पटना के ज्ञान भवन में आयोजित गन्ना प्रौद्योगिकी (Technology) सेमिनार 2026 को संबोधित कर रहे थे. इस कार्यक्रम का आयोजन Bihar Sugarcane Industry Department ने किया था.

चीनी उद्योग को मिलेगा बड़ा बढ़ावा

सेमिनार में सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में चीनी उद्योग को नई ताकत देने की तैयारी चल रही है. इसके लिए सरकार इंसेंटिव आधारित नई नीति बनाने जा रही है. उन्होंने बताया कि सरकार इंसेंटिव नीति 2026 तैयार कर रही है. इसके जरिए उद्योगों को आर्थिक प्रोत्साहन (Incentive) दिया जाएगा. सरकार का मानना है कि उद्योगों के विस्तार से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और पलायन पर भी रोक लगेगी.

पांच साल में 25 नई चीनी मिल खोलने का लक्ष्य

डिप्टी सीएम ने कहा कि सरकार अगले पांच वर्षों में राज्य में 25 नई चीनी मिल खोलने के लिए संकल्पित है. उनके अनुसार इससे किसानों को भी फायदा होगा और हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा. सरकार का लक्ष्य है कि कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जाए.

निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री पर क्या बोले

कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत के राजनीति में आने का स्वागत किया. उन्होंने कहा कि निशांत कुमार को नई शुरुआत के लिए बधाई है. सम्राट चौधरी ने विश्वास जताया कि वह अपनी जिम्मेदारियों का अच्छे से निर्वहन करेंगे.

भारतीय टीम को दी बधाई

डिप्टी सीएम ने T20 World Cup जीतने के लिए भारतीय क्रिकेट टीम को भी बधाई दी. उन्होंने कहा कि यह पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है.

विजय सिन्हा बोले- पुरानी बीमारियों को खत्म करेंगे

कार्यक्रम में बिहार के दूसरे उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा भी मौजूद थे. उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जोड़ी पर भरोसा जताया है. विजय सिन्हा ने कहा कि सरकार सिर्फ चलाना ही काफी नहीं है. उसे सुशासन के साथ चलाना सबसे जरूरी है. उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों ने सामाजिक न्याय के नाम पर बिहार के साथ खिलवाड़ किया और उद्योग-धंधों को नुकसान पहुंचाया.

उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में बिहार तेजी से विकास कर रहा है. साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य की पुरानी समस्याओं और ‘बीमारियों’ को जड़ से खत्म किया जाएगा.

Also Read: ‘मां की बहुत याद आ रही है’, राजनीति में एंट्री के बाद मां की प्रतिमा पर निशांत ने किया माल्यार्पण, हुए भावुक

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >