Bihar Land Survey: डिप्टी सीएम और राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने शुक्रवार को विशेष भूमि सर्वेक्षण कार्य की समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने सभी जिलों के बंदोबस्त पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण का काम तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए. इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
बेहतर काम करने वाले अमीनों को मिलेगा लाभ
समीक्षा बैठक के दौरान उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जो अमीन सर्वेक्षण कार्य में अच्छा प्रदर्शन करेंगे, उन्हें आगे विभाग में होने वाली स्थायी बहाली में प्राथमिकता दी जाएगी. उनका कहना था कि इससे कर्मियों में काम के प्रति उत्साह बढ़ेगा और सर्वेक्षण कार्य तेजी से पूरा हो सकेगा.
देरी की समस्या दूर करने का निर्देश
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक सर्वेक्षण कार्य में जहां-जहां देरी हुई है, उन कारणों की पहचान की जाए. इसके बाद उन समस्याओं को तुरंत दूर किया जाए. उन्होंने कहा कि अब इस काम की माइक्रो मॉनिटरिंग की जाएगी. यानी हर स्तर पर नियमित रूप से समीक्षा की जाएगी.
रोजाना देनी होगी काम की रिपोर्ट
सर्वेक्षण कार्य से जुड़े सभी कर्मियों को अब रोजाना अपने काम की रिपोर्ट देनी होगी. डिप्टी सीएम ने निर्देश दिया कि हर दिन शाम तक मुख्यालय को रिपोर्ट भेजी जाए. इसके साथ ही अमीन डायरी को प्रतिदिन भरना भी अनिवार्य कर दिया गया है. इससे काम की सही जानकारी मिल सकेगी.
सर्वे कर्मियों को अन्य काम में नहीं लगाया जाएगा
उपमुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि सर्वेक्षण से जुड़े कर्मचारियों को किसी अन्य सरकारी काम में नहीं लगाया जाए. इसके लिए भू अभिलेख एवं परिमाप निदेशालय के निदेशक सुहर्ष भगत सभी जिलाधिकारियों को पत्र भेजेंगे.
कितने जिलों में चल रहा काम?
समीक्षा बैठक में बताया गया कि विशेष सर्वेक्षण के पहले चरण में 20 जिलों के 89 अंचलों के कुल 5657 मौजों में सर्वे का काम चल रहा है. इनमें से 1838 मौजों में फाइनल पब्लिकेशन पूरा हो चुका है. यह कुल काम का करीब 33 प्रतिशत है. वहीं 3662 मौजों में ड्राफ्ट पब्लिकेशन का काम पूरा किया जा चुका है. फाइनल पब्लिकेशन के मामले में शेखपुरा जिला 78.52 प्रतिशत के साथ सबसे आगे है.
इन जिलों में काम की रफ्तार बेहतर
बैठक में यह भी बताया गया कि मुजफ्फरपुर, सिवान, वैशाली, पटना, रोहतास और बेगूसराय जैसे जिलों में सर्वेक्षण कार्य की प्रगति अच्छी है. समीक्षा बैठक में कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे.
Also Read:
