संडे को रजिस्ट्री ऑफिस खुलने से कितना हुआ फायदा? अंचल कार्यालयों को लेकर आदेश जारी

Bihar Government: बिहार सरकार की तरफ से रजिस्ट्री ऑफिस को संडे को भी खोले रखने का आदेश दिया गया था. यह विभाग के साथ-साथ आम लोगों के लिए भी लाभकारी साबित हो रहा है. इसके अलावा अंचल कार्यालयों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और वीडियो रिकॉर्डिंग को लेकर आदेश दिया गया है.

Bihar Government: बिहार सरकार की तरफ से रविवार और अन्य छुट्टी के दिनों में रजिस्ट्री ऑफिस खोलने का निर्णय अब राजस्व विभाग और आम लोग दोनों के लिए लाभकारी साबित हो रहा है. कामकाजी लोग छुट्टी के दिन जमीन और फ्लैट की खरीद-बिक्री के दस्तावेजों की रजिस्ट्री कराने के लिए बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं. इससे वर्किंग डेज के दौरान की भीड़ कम हुई है. साथ ही राजस्व में बढ़ोतरी भी दर्ज की गई है.

राजस्व विभाग को कितना हुआ फायदा?

मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के अनुसार फरवरी महीने के सिर्फ दो रविवार में करीब 3,000 दस्तावेजों का रजिस्ट्रेशन हुआ, जिससे विभाग को 20 करोड़ रुपए से अधिक राजस्व प्राप्त हुआ. जबकि जनवरी महीने के चार रविवार (4, 11, 18 और 25 जनवरी) को टोटल 3,324 दस्तावेज का रजिस्ट्रेशन किया गया, जिससे 21 करोड़ रुपए से अधिक की आय हुई.

कामकाजी लोगों को मिली बड़ी राहत

जनवरी 2026 से नेशनल हॉलीडे को छोड़कर अन्य छुट्टियों पर भी रजिस्ट्री ऑफिस सामान्य दिनों की तरह संचालित किए जा रहे हैं. अधिकारियों का कहना है कि इससे नौकरीपेशा और व्यवसायिक वर्ग को विशेष सुविधा मिल रही है. अब लोग छुट्टी के दिन रजिस्ट्रेशन करा पा रहे हैं, जिससे लंबी लाइनों और वर्किंग डेज की भीड़ से राहत मिली है.

अंचल कार्यालयों में सीसीटीवी और 30 दिन की रिकॉर्डिंग जरूरी

अंचल कार्यालयों के लिए हाईटेक सीसीटीवी सिस्टम की अनिवार्यता तय कर दी गई है. इसके तहत हर अंचल कार्यालय में दो मेगापिक्सल आईपी गार्ड कैमरे (बुलेट और डोम) लगाए जायेंगे, जिनमें कलर विजन और ऑडियो रिकॉर्डिंग की सुविधा होगी. इससे न केवल गतिविधियों की स्पष्ट वीडियो रिकॉर्डिंग होगी, बल्कि आवाज भी सुरक्षित रहेगी, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही मजबूत होगी.

हर कार्यालय में 16 चैनल यानी नेटवर्क वीडियो रिकॉर्डर लगाये जायेंगे. इनकी बैंडविड्थ कैपेसिटी 144 एमबीपीएस होगी. इससे एक साथ कई कैमरों की हाई क्वालिटी रिकॉर्डिंग संभव होगी. इसके साथ 6 टीबी सर्विलांस हार्ड डिस्क अनिवार्य की गई है, जिससे कम से कम 30 दिनों का फुटेज सुरक्षित रखा जा सकेगा. निर्देशों में 16 पोर्ट पीओई स्विच, सीएटी 6ए एसएफटीपी फुल कॉपर वायर, 32 इंच एलइडी स्क्रीन, 4के एचडीएमआइ केबल, 4यू रैक आदि शामिल हैं.

Also Read: मीठापुर-महुली एलिवेटेड रोड का काम इस महीने होगा पूरा, बिना जाम में फंसे फर्राटा भरेंगी गाड़ियां

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Preeti Dayal

डिजिटल जर्नलिज्म में 3 साल का अनुभव. डिजिटल मीडिया से जुड़े टूल्स और टेकनिक को सीखने की लगन है. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं. बिहार की राजनीति और देश-दुनिया की घटनाओं में रुचि रखती हूं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >