Patna Flood Alert: पटना में गंगा का जलस्तर लगातार खतरे के निशान से ऊपर बना हुआ है. बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है. पटना सिटी के कई घाटों पर बैरिकेडिंग कर लोगों की आवाजाही रोक दी गई है. गंगा में स्नान करने पर भी रोक लगा दी गई है.
गांधी घाट पर 1.23 मीटर ऊपर बह रही गंगा
रिपोर्ट के अनुसार, गांधी घाट पर गंगा का जलस्तर 49.83 मीटर दर्ज किया गया. यहां खतरे का निशान 48.60 मीटर है. यानी नदी 1.23 मीटर ऊपर बह रही है. दीघा घाट पर गंगा का जलस्तर 51.01 मीटर दर्ज किया गया. यहां खतरे का निशान 50.45 मीटर है. इस हिसाब से जलस्तर 56 सेंटीमीटर ऊपर है. वहीं, हाथीदह में गंगा का जलस्तर 42.06 मीटर रहा. यहां भी नदी खतरे के निशान से 30 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है.
भद्र घाट, नौजर घाट और महावीर घाट पर रोक
गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए पटना सिटी के भद्र घाट, नौजर घाट और महावीर घाट पर बैरिकेडिंग कर दी गई है. यहां लोगों का आवागमन रोक दिया गया है. प्रशासन ने लोगों को गंगा में स्नान नहीं करने की सख्त हिदायत दी है. नदी के आसपास जाने से भी बचने की अपील की गई है.
SDRF और SSB की टीमें तैनात
किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए SDRF की टीम को नाव और गोताखोरों के साथ तैनात किया गया है. वहीं, SSB की टीम को भी नाव और लाइफ जैकेट के साथ भद्र घाट पर लगाया गया है. प्रशासन लगातार नदी के जलस्तर पर नजर बनाए हुए है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
कच्ची दरगाह से राघोपुर दियारा तक नाव परिचालन बंद
अनुमंडल पदाधिकारी कशिश बक्शी ने बताया कि सुरक्षा कारणों से कच्ची दरगाह से राघोपुर दियारा तक नावों के परिचालन पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है. उन्होंने लोगों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और नदी के आसपास नहीं जाने की अपील की है.
सोन और पुनपुन ने भी बढ़ाई चिंता
पटना में सिर्फ गंगा ही नहीं, बल्कि सोन और पुनपुन नदी का जलस्तर भी चिंता बढ़ा रहा है. श्रीपालपुर में पुनपुन नदी खतरे के निशान से 2.01 मीटर ऊपर बह रही है. कई आसपास के घरों में नदी का पानी पहुंच गया है.
वहीं, इंद्रपुरी बराज से सोन नदी में 5.54 लाख क्यूसेक से ज्यादा पानी छोड़ा गया है. इसके बाद मनेर, दानापुर, बख्तियारपुर और मोकामा के दियारा इलाकों में पानी तेजी से फैल रहा है.
इन इलाकों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए 12 सरकारी नावें तैनात की गई हैं. प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी खतरे की स्थिति में तुरंत सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की है.
