पटना : दानापुर में बाढ़ में महिला की मौत, एंबुलेंस नहीं मिली तो शव गोद में उठाकर अस्पताल पहुंचे परिजन

Danapur Flood News : दानापुर में बाढ़ के पानी में डूबने से मृत महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल ले जाने के दौरान परिजनों को एंबुलेंस नहीं मिली. इसके बाद परिजन शव को गोद में लेकर अस्पताल पहुंचे, जिससे स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं.

Danapur Flood News : दानापुर में स्वास्थ्य और आपातकालीन सेवाओं को लेकर एक संवेदनशील मामला सामने आया है. बाढ़ के पानी में डूबने से मृत महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल ले जाने के दौरान परिजनों को एंबुलेंस नहीं मिली. इसके बाद परिजन शव को गोद में लेकर पीपा पुल घाट से पैदल अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे. घटना का वीडियो और तस्वीर सामने आने के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं.

एंबुलेंस नहीं मिली तो शव गोद में लेकर निकले परिजन

दानापुर में शनिवार को बाढ़ के पानी में डूबने से मृत महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने के दौरान परिजनों को कथित तौर पर एंबुलेंस या शव वाहन नहीं मिला. परिजनों का कहना है कि उन्होंने आपातकालीन एंबुलेंस सेवा और अस्पताल प्रशासन से संपर्क किया, लेकिन काफी देर इंतजार के बाद भी वाहन मौके पर नहीं पहुंचा.

अस्पताल में मौजूद परिजन

पीपा पुल घाट से पैदल अस्पताल पहुंचे

मृतका का शव दियारा क्षेत्र से नाव के माध्यम से पीपा पुल घाट तक लाया गया था. इसके बाद परिजन शव को अनुमंडलीय अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस का इंतजार करते रहे. अस्पताल की दूरी आधा किलोमीटर से भी कम बताई गई है. वाहन नहीं मिलने के बाद परिजनों ने शव को गोद में उठाया और पैदल ही अस्पताल पहुंच गए.

बाढ़ के पानी में डूबने से हुई संगीता देवी की मौत

मृतका की पहचान शाहपुर निवासी बंटी यादव की पत्नी संगीता देवी के रूप में हुई है. बताया गया कि वह अपनी दादी के श्राद्ध कार्य में शामिल होने के लिए दियारा क्षेत्र के हवासपुर गांव गई थी. इसी दौरान बाढ़ के पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई.

काफी प्रयास के बाद बरामद हुआ शव

संगीता देवी के डूबने की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की. परिजनों और स्थानीय लोगों के काफी प्रयास के बाद शव बरामद किया गया. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भाड़े की नाव से पीपा पुल घाट तक लाया गया.

पांच दिनों से बाढ़ की चपेट में दियारा क्षेत्र

पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि मुस्कान कुमार यादव और पूर्व जिला पार्षद ओम प्रकाश यादव ने बताया कि दियारा क्षेत्र के लोग पिछले पांच दिनों से बाढ़ के पानी से प्रभावित हैं. उनका आरोप है कि बाढ़ के कारण लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और आपात स्थिति में भी सरकारी स्तर पर पर्याप्त व्यवस्था नहीं मिल रही है.

सरकारी एंबुलेंस नहीं मिलने का लगाया आरोप

जनप्रतिनिधियों ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए पीपा पुल घाट से अनुमंडलीय अस्पताल ले जाने के लिए सरकारी एंबुलेंस की मांग की गई थी. काफी देर तक इंतजार करने के बाद भी वाहन नहीं पहुंचा, जिसके बाद परिजनों को मजबूरी में शव को गोद में लेकर अस्पताल जाना पड़ा.

अस्पताल प्रशासन ने बताई अलग स्थिति

इस मामले में अनुमंडलीय अस्पताल की उपाधीक्षक डॉ. निभा मोहन ने बताया कि उनके पास फोन कर शव लाने के लिए एंबुलेंस की मांग नहीं की गई थी. उन्होंने कहा कि यहां 102 एंबुलेंस की व्यवस्था नहीं है. उनके अनुसार, दो शवों का पोस्टमार्टम होने के बाद शव वाहन से शवों को पहुंचाने के लिए भेजा गया था.

घटना ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठाए सवाल

शव को गोद में लेकर अस्पताल जाते परिजनों की तस्वीर सामने आने के बाद दानापुर की स्वास्थ्य और आपातकालीन व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं. एक ओर परिजन एंबुलेंस के लिए लगातार संपर्क करने का दावा कर रहे हैं, वहीं अस्पताल प्रशासन का कहना है कि उसके पास ऐसी मांग का फोन नहीं आया था. ऐसे में एंबुलेंस की मांग और मौके पर उसकी उपलब्धता को लेकर स्थिति की जांच से ही पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी.

Also Read : 38 साल बाद फिर साथ आए 1988 बैच के पुलिस अधिकारी, 70 अधिकारी हुए शामिल, यादों और अनुभवों को किया साझा

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >