Patna News: सम्राट चौधरी का नाम लेकर की थी युवक की पिटाई, दोनों आरोपियों पर पटना पुलिस का बड़ा एक्शन

Patna News: पटना के विशाल मेगा मार्ट में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी का नाम लेकर एक युवक से मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है. मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है.

Patna News: पटना के कंकड़बाग स्थित विशाल मेगा मार्ट में एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया है. यह मामला इसलिए भी चर्चा में रहा, क्योंकि मारपीट के दौरान बिहार के डिप्टी सीएम और गृह मंत्री सम्राट चौधरी का नाम लिया गया था. जिसका वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था.

वायरल वीडियो 31 दिसंबर का बताया जा रहा है. इसमें एक युवक सिविल ड्रेस में, ब्लेजर पहने हुए, दूसरे युवक को थप्पड़ मारते और गाली-गलौज करते हुए दिखाई दे रहा है. वीडियो में वह यह कहते हुए सुना जा सकता है कि “तू सम्राट चौधरी के यहां रहता है… हम एंटी बीजेपी हैं.” वीडियो सामने आने के बाद लोगों के बीच यह चर्चा भी होने लगी थी कि मारपीट करने वाला शख्स कहीं पुलिसकर्मी तो नहीं है.

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हुई आरोपियों की पहचान

मामले को गंभीरता से लेते हुए कंकड़बाग थाना पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की. पुलिस ने विशाल मेगा मार्ट के कर्मचारियों से पूछताछ की और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की. इसके बाद सोमवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों को धर दबोचा.

दोनों विशाल मेगा मार्ट में करते हैं काम

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राशिद इकबाल और गोरख गिरी के रूप में हुई है. राशिद इकबाल पीरबहोर थाना क्षेत्र के सब्जीबाग का रहने वाला है, जबकि गोरख गिरी विग्रहपुर का निवासी है. दोनों विशाल मेगा मार्ट में काम करते हैं. पूछताछ में यह भी सामने आया है कि राशिद को पहले मॉल प्रबंधन ने नौकरी से निकाल दिया था, लेकिन वह बाद में सप्लायर के तौर पर वहां काम कर रहा था.

सिटी एसपी परिचय कुमार ने बताया कि पुलिस ने अपने बयान पर दोनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. साथ ही धारा 41 के तहत दोनों को नोटिस देकर फिलहाल छोड़ दिया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है.

जिसके साथ मारपीट हुई उसकी तलाश जारी

हालांकि, अब तक मारपीट का शिकार हुआ युवक सामने नहीं आया है. उसकी पहचान और बयान दर्ज करने के लिए पुलिस उसकी तलाश कर रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित के सामने आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Also Read: Bihar News: बिहार में खुलेंगे पांच Gen-Z डाकघर, युवाओं को मिलेंगी ये खास सुविधाएं और बचत प्लान भी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >