चिराग पासवान ने बताया कैसा होगा बिहार कैबिनेट का फार्मूला, 7 मई को शपथ लेंगे नए मंत्री, कई चेहरे बदलेंगे

Bihar Cabinet Expansion: बिहार में 7 मई को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अपनी सरकार का कैबिनेट विस्तार करने जा रहे हैं. गांधी मैदान में शपथ ग्रहण होगा. चिराग पासवान ने संकेत दिया है कि पिछली सरकार वाला मंत्री बंटवारा फॉर्मूला ही कायम रह सकता है.

Bihar Cabinet Expansion: बिहार की राजनीति में 7 मई बेहद अहम दिन माना जा रहा है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अपनी सरकार का पहला बड़ा कैबिनेट विस्तार करने जा रहे हैं. पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी तेज हो गई है. कार्यक्रम को लेकर जोरदार तैयारी चल रही है.

चिराग पासवान ने दिया बड़ा संकेत

केंद्रीय मंत्री और एलजेपी (रा) प्रमुख चिराग पासवान ने मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर साफ कहा है कि पिछली सरकार का फॉर्मूला ही इस बार भी लगभग बरकरार रह सकता है. उन्होंने कहा कि पुराने संतुलन में बदलाव की फिलहाल कोई बड़ी वजह नजर नहीं आती. यानी पिछली बार जिस तरह सहयोगी दलों के बीच मंत्री पदों का बंटवारा हुआ था, उसी आधार पर इस बार भी विस्तार होने की संभावना ज्यादा है.

भाजपा-जदयू कोटे के बचे पद हो सकते हैं पूरे

चिराग पासवान ने संकेत दिया कि पिछली सरकार में भाजपा और जदयू कोटे से कुछ पद खाली रह गए थे. इन्हें अब भरा जा सकता है. माना जा रहा है कि इस बार दोनों बड़े दल अपने कोटे से ज्यादा मंत्री बना सकते हैं.

पिछले मंत्रिमंडल में भाजपा के पास दो उपमुख्यमंत्री समेत 14 मंत्री थे. जदयू के खाते में मुख्यमंत्री सहित 9 मंत्री शामिल थे. वहीं एलजेपी (रा) को 2 मंत्री पद मिले थे. हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा को एक-एक मंत्री पद मिला था. अब माना जा रहा है कि इसी संतुलन को आधार बनाकर नई टीम तैयार होगी.

नए चेहरों को मिल सकता है मौका

सूत्रों के मुताबिक इस बार कई पुराने चेहरों की जगह नए नेताओं को मौका दिया जा सकता है. जातीय और क्षेत्रीय संतुलन के साथ-साथ संगठन में सक्रिय नेताओं को भी प्राथमिकता मिल सकती है. इससे नई सरकार में ताजगी और राजनीतिक संदेश दोनों देने की कोशिश होगी.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

कौन-कौन होंगे शामिल

सम्राट कैबिनेट विस्तार समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा समेत बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे.

इसके अलावा पार्टी के राष्ट्रीय स्तर के कई बड़े पदाधिकारियों और एनडीए के प्रमुख नेताओं के भी शामिल होने की संभावना है. कार्यक्रम को लेकर एयरपोर्ट से गांधी मैदान तक विशेष सजावट, झंडे-बैनर और स्वागत की तैयारी की जा रही है.

इसे भी पढ़ें: चपारण से गया तक मौसम ने मचाई तबाही, भीषण तूफान ने बिहार में ली 20 की जान, अलर्ट जारी

विक्रमशिला सेतु पर आवाजाही बंद, सीएम ने रक्षा मंत्री से की खास बातचीत, जानें क्या है नया प्लान

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Paritosh shahi

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >