बेगूसराय में गूंजे ‘निशांत कुमार को सीएम बनाओ’ के नारे, समृद्धि यात्रा के आखिरी दिन दिखा अलग सियासी नजारा

Bihar Politics: सीएम नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के आखिरी दिन अचानक एक नारा गूंजने लगा. भीड़ में मौजूद लोगों ने 'बिहार का सीएम कैसा हो, निशांत कुमार जैसा हो' के नारे लगाए. इस दौरान नीतीश कुमार मुस्कुराते हुए हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन करते नजर आए.

Bihar Politics: बिहार के बेगूसराय में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के आखिरी दिन एक अलग ही सियासी माहौल देखने को मिला. कार्यक्रम के दौरान अचानक भीड़ में से ‘बिहार का सीएम कैसा हो, निशांत कुमार जैसा हो’ के नारे गूंजने लगे. नीतीश कुमार और सम्राट चौधरी मंच की ओर चल के जा रहे थे और लोग लगातार यह नारा लगा रहे थे. इस दौरान सीएम नीतीश हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन करते रहे और मुस्कुराते हुए भीड़ की ओर देखते नजर आए.

सम्राट चौधरी और नीतीश की दिखी अलग केमिस्ट्री

हालांकि, इस पूरी यात्रा में सम्राट चौधरी और नीतीश कुमार एक साथ मंच पर नजर आए. कई जगहों पर दोनों नेताओं की अलग केमिस्ट्री भी देखने को मिली. सम्राट चौधरी मंच पर हाथ जोड़कर खड़े रहते थे, जबकि नीतीश कुमार उनके कंधे पर हाथ रखकर जनता का अभिवादन स्वीकार करते दिखे. इस दृश्य को लेकर भी राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. चर्चा यह चल रही है कि क्या इस यात्रा के दौरान किसी तरह का राजनीतिक संकेत दिया गया है.

नीतीश कुमार ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने करीब दो दशक के शासनकाल की उपलब्धियों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था, सड़क, परिवहन और बिजली के क्षेत्र में काफी सुधार हुआ है. उन्होंने यह भी कहा कि आगे भी वे बिहार की राजनीति से जुड़े रहेंगे और आने वाली सरकार को मार्गदर्शन देते रहेंगे.

सम्राट चौधरी ने भी की मुख्यमंत्री की तारीफ

यात्रा के दौरान सम्राट चौधरी ने भी सभाओं में नीतीश कुमार की खुलकर सराहना की. उन्होंने लोगों से कहा कि बिहार की सरकार उसी सोच और दिशा में आगे बढ़ेगी, जिस दिशा में मुख्यमंत्री ने राज्य को आगे बढ़ाया है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि विकास की रफ्तार आगे भी जारी रहेगी.

नए मुख्यमंत्री को लेकर नीतीश की भूमिका अहम

एनडीए के कई नेताओं का मानना है कि बिहार में नए मुख्यमंत्री के चयन में नीतीश कुमार की भूमिका अहम होगी. यही वजह है कि समृद्धि यात्रा के दौरान हुई घटनाओं और मंच पर दिखे संकेतों को लेकर राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं.

Also Read: पटना में गैस की किल्लत पर सड़क जाम, सिलेंडर लेकर सड़क पर उतरे लोग, बिहार के कई जिलों में हाहाकार

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय डिजिटल माध्यम में पिछले 2 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर तक का मुकाम तय किए हैं. अभी डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास करते हैं. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखते हैं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >