UPSC सिविल सेवा मुख्य परीक्षा 21 अगस्त से, बांकीपुर गर्ल्स स्कूल में दो पालियों में होगी परीक्षा

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा मुख्य परीक्षा 21 से 30 अगस्त तक आयोजित होगी। परीक्षा कड़े सुरक्षा नियमों के साथ संपन्न कराई जाएगी, जिसमें फेस ऑथेंटिकेशन और जैमर का प्रयोग शामिल है।

UPSC Civil Services Main Examination : पटना में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा मुख्य परीक्षा का आयोजन 21 से 23 अगस्त तथा 29 और 30 अगस्त को बांकीपुर गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में किया जाएगा. परीक्षा दो पालियों में होगी. परीक्षा को लेकर गुरुवार को प्रमंडलीय आयुक्त राजेश कुमार ने संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया और परीक्षा को पूरी तरह कदाचारमुक्त एवं व्यवस्थित तरीके से कराने के निर्देश दिये.

फ्रिस्किंग और फेस ऑथेंटिकेशन के बाद ही मिलेगा प्रवेश

परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश फ्रिस्किंग और फेस ऑथेंटिकेशन की जांच के बाद ही दिया जाएगा. केंद्र पर जैमर लगाए जाएंगे और उनकी नियमित जांच भी होगी. भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के प्रतिनिधि जैमर की जांच करेंगे, जबकि एसडीओ द्वारा मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति कर इसकी कार्यशीलता का सत्यापन कराया जाएगा. जोनल मजिस्ट्रेट और केंद्राधीक्षकों को UPSC के सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है.

समय पर नहीं पहुंचे तो बंद हो जाएगा गेट

परीक्षार्थियों को निर्धारित समय के भीतर परीक्षा केंद्र में पहुंचना अनिवार्य होगा. प्रथम पाली के लिए केंद्र का मुख्य द्वार सुबह 8:30 बजे और दूसरी पाली के लिए दोपहर दो बजे बंद कर दिया जाएगा. इसके बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा. परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, कैमरा, बैग, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट या किसी भी प्रकार के संचार उपकरण ले जाने पर रोक रहेगी. वीक्षकों पर भी यही प्रतिबंध लागू होगा. केंद्र पर पेयजल, पर्याप्त रोशनी समेत अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रखने और सभी घड़ियों को एक ही समय पर सेट करने का निर्देश दिया गया है. वैध सरकारी पहचान पत्र के बिना किसी अधिकारी या कर्मी को भी केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी.

नियंत्रण कक्ष से रखी जाएगी परीक्षा पर नजर

परीक्षा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए विशेष व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है. परीक्षा के दौरान प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय में नियंत्रण कक्ष भी कार्यरत रहेगा. किसी भी तरह की सूचना या समस्या के लिए 0612-2219205 और 2233578 पर संपर्क किया जा सकेगा. आयुक्त राजेश कुमार ने कहा कि संघ लोक सेवा आयोग की प्रतिष्ठित परीक्षा का सफल और निष्पक्ष आयोजन सभी संबंधित अधिकारियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है. बैठक में आयुक्त के सचिव विनय कुमार ठाकुर, ट्रैफिक एसपी सागर कुमार, एसडीओ, जिला शिक्षा पदाधिकारी, केंद्राधीक्षक समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रमोद कुमार झा

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >