बांकीपुर उपचुनाव में सुबह धीमी रही वोटिंग, सुरक्षा और बदलाव के मुद्दे पर मतदाताओं ने किया मतदान

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में मतदाताओं ने राष्ट्रहित, सुरक्षा और बदलाव की उम्मीद के साथ मतदान किया. 85 वर्षीय बुजुर्गों ने भी अपनी लोकतांत्रिक जिम्मेदारी निभाई. जानें मतदाताओं की प्रमुख चिंताएं.

पटना के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में सुबह मतदान की शुरुआत धीमी रही. पटना वीमेंस कॉलेज में बनाए गए सात मतदान केंद्रों पर कुल 1170 मतदाता हैं. सुबह 7 बजे से 9:25 बजे तक केवल 44 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया.

राष्ट्रहित और सुरक्षा को बताया प्राथमिकता

राजेंद्र नगर के मतदाता मनोज श्रीवास्तव और अंजू श्रीवास्तव ने मतदान के बाद कहा कि उन्होंने राष्ट्रहित और राष्ट्रवाद को ध्यान में रखकर वोट दिया है. वहीं, बोरिंग रोड की नीता ने बताया कि उन्होंने सुबह सबसे पहले मतदान किया. उनके अनुसार महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा सबसे बड़ा चुनावी मुद्दा है. उन्होंने कहा कि विकास जरूरी है, लेकिन सुरक्षा को सबसे अधिक प्राथमिकता मिलनी चाहिए.

बदलाव की उम्मीद में मतदान कर रहे लोग

कृष्णा नगर की डॉ. तूलिका ने बताया कि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में अपेक्षाकृत कम मतदान का एक कारण यह भी है कि यहां के कई मतदाता दूसरे शहरों में बस चुके हैं. हालांकि, इस बार पहले की तुलना में अधिक लोग मतदान करने पहुंच रहे हैं. उन्होंने कहा कि कई मतदाता बदलाव की उम्मीद के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं. इसी दौरान करीब 9:43 बजे सांसद रविशंकर प्रसाद ने भी मतदान किया.

85 वर्षीय बुजुर्गों ने निभाई लोकतांत्रिक जिम्मेदारी

गांधी मैदान क्षेत्र में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी रहा. सेंट जेवियर स्कूल में बने मतदान केंद्र पर चीनाकोठी निवासी 85 वर्षीय शिवनंदन सिंह ने मतदान के बाद कहा कि उन्होंने युवाओं को अवसर देने की सोच के साथ वोट दिया. वहीं, 85 वर्षीय लक्ष्मण विश्वकर्मा और 72 वर्षीय लक्ष्मण राय भी सुबह ही मतदान करने पहुंचे. दोनों ने कहा कि मतदान हर नागरिक का अधिकार और कर्तव्य है, इसलिए हर चुनाव में वे सबसे पहले अपने मताधिकार का प्रयोग करते हैं.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By हिमांशु देव

सितंबर 2023 से पटना में प्रभात खबर से जुड़कर प्रिंट और डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. कला, साहित्य-संस्कृति, नगर निगम और स्मार्ट सिटी से जुड़ी खबरों पर प्रमुखता से काम किया है. महिला, युवा और जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाना प्राथमिकता में शामिल है. व्यक्तिगत तौर पर किताबें पढ़ना और नई जगहों को एक्सप्लोर करना अच्छा लगता है.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >