Bankipur By Election: नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव लंबे समय के बाद एक्टिव हो गए हैं. बांकीपुर उपचुनाव को लेकर 30 जुलाई को वोटिंग होगी. इससे पहले तमाम पार्टी के नेता चुनाव प्रचार में जुट गए हैं. तेजस्वी यादव ने पटना लौटते ही सरकार को निशाने पर लिया. प्रदर्शनकारियों पर एफआईआर और फायरिंग को लेकर वे भड़के थे. दूसरी तरफ, वे बांकीपुर उपचुनाव को लेकर भी चुनाव प्रचार में जुटने वाले हैं.
इन इलाकों में होगा रोड शो
जानकारी के मुताबिक, नेता प्रतिपक्ष आरजेडी कैंडिडेट रेखा गुप्ता के लिए दो दिन रोड शो करेंगे. आज (27 जुलाई) तेजस्वी यादव मीठापुर स्थित चुनाव कार्यालय से रोड शो की शुरुआत करेंगे. उनका काफिला चांदपुर बेला, सिपारा, पोस्टल पार्क, चिरैयाटांड़, गोरियाटोली, पीरमुहानी, लोहानीपुर, साहित्य सम्मेलन, दरियापुर, खेतान मार्केट और बिरला मंदिर जैसे कई इलाकों से गुजरते हुए शाम को सब्जीबाग चौराहे पर पहुंचेगा.
28 जुलाई को इन इलाकों में रोड शो
इसके बाद 28 जुलाई को भी उनका रोड शो होगा. 28 जुलाई को तेजस्वी यादव के रोड शो की शुरुआत पुराने हड़ताली मोड़ से होगी. यह रोड शो बोरिंग रोड, राजापुर पुल, पुलिस लाइन चौराहा, लोदीपुर, चीना कोठी, इनकम टैक्स गोलंबर और किदवईपुरी सहित कई प्रमुख इलाकों से होकर चकरम देवी मंदिर के पास समाप्त होगा.
अंतिम 48 घंटे बेहद खास
बांकीपुर को पटना की सबसे अहम शहरी विधानसभा सीटों में गिना जाता है, जहां शिक्षित और जागरूक मतदाताओं की बड़ी संख्या चुनावी नतीजों पर असर डालती है. ऐसे में अंतिम 48 घंटे का प्रचार बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. महागठबंधन की कोशिश है कि रोजगार, स्थानीय विकास और नागरिक सुविधाओं जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाकर मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित किया जाए.
साथ ही बूथ स्तर पर संगठन को एक्टिव रखकर मतदान के दिन मजबूत चुनावी प्रबंधन सुनिश्चित करने की भी तैयारी की जा रही है. अब देखना दिलचस्प होगा कि तेजस्वी यादव का यह दो दिवसीय जनसंपर्क अभियान बांकीपुर की चुनावी तस्वीर पर कितना असर डाल पाता है.
