Patna Awareness Campaign: मसौढ़ी में मद्य निषेध विभाग की ओर से रविवार को मसौढ़ी प्रखंड की तीन पंचायतों में नशा मुक्ति को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया. अभियान के तहत प्रभात फेरी निकाली गई तथा स्कूली छात्र-छात्राओं के बीच चित्रांकन प्रतियोगिता आयोजित कर लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया.
तीन पंचायतों में आयोजित हुआ कार्यक्रम
आबकारी अधीक्षक निशांत कुमार ने बताया कि शाहाबाद पंचायत के छाता गांव, नूरा पंचायत सहित तीन पंचायतों में यह विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. प्रभात फेरी में जीविका दीदियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, मुखिया मृत्युंजय सेठ और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.
ग्रामीणों को दिलाई गई नशा मुक्ति की शपथ
प्रभात फेरी के दौरान ग्रामीणों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई. साथ ही शराब और अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाली बीमारियों, घरेलू हिंसा तथा आर्थिक नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई. अधिकारियों ने लोगों से नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने और अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की.
बच्चों ने चित्रों के माध्यम से दिया संदेश
कार्यक्रम के दूसरे चरण में आयोजित चित्रांकन प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. बच्चों ने "नशा मुक्त बिहार" और "स्वस्थ जीवन" विषय पर आकर्षक चित्र बनाकर समाज को सकारात्मक संदेश दिया.
आगे भी जारी रहेगा अभियान
इस अवसर पर संबंधित पंचायतों के मुखिया समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. मद्य निषेध विभाग के अधिकारियों ने बताया कि गांव-गांव जाकर लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराने का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने के लक्ष्य को सफल बनाया जा सके.
