Attack On Police: पटना पुलिस पर हमला! हिरासत में लिए गए आरोपी को भी छुड़ा ले गई भीड़

Attack On Police: बिजली चोरी के आरोपी को पकड़ने गई पटना पुलिस की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया. साथ ही आक्रोशित भीड़ ने हिरासत में लिए गए आरोपी को भी छुड़ा लिया और अपने साथ ले गई. जिला प्रशासन को मौके पर अतिरिक्त बल भेजना पड़ा. पढे़ं पूरी खबर…

Attack On Police: बिहार में पुलिसकर्मियों पर एक बार फिर हमला हुआ है. पटना में सोमवार देर रात बिजली चोरी के आरोपी को पकड़ने गई पुलिस की टीम पर लोगों की भीड़ ने हमला कर दिया. साथ ही पुलिस ने जिस आरोपी को पकड़ा था, लोगों की भीड़ उसे भी छुड़ाकर ले गई. दरअसल, पटना की पाटलिपुत्र थाना पुलिस बिजली चोरी के एक आरोपी को पकड़ने के लिए गई थी, इस दौरान आक्रोशित स्थानीय लोगों ने पुलिस की टीम पर हमला कर दिया. हंगामे की सूचना के बाद भारी संख्या में पुलिस बल को मौके पर भेजा गया और हालात को काबू में लिया गया.

सिविल ड्रेस में पहुंची थी पुलिस

दरअसल, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बिजली चोरी का वारंटी राकेश यादव अपने मैनपुरा स्थित घर पर मौजूद है. सूचना मिलते ही पुलिस ने सिविल ड्रेस में रात करीब 10 बजे छापेमारी की और राकेश यादव को गिरफ्तार कर लिया. इसके बाद पुलिस की टीम उसे अपने साथ थाने ले जाने लगी. इसी बीच ग्रामीणों ने पुलिस को रोकने का प्रयास किया. पुलिस ने अपना आईडी कार्ड भी दिखाया और लोगों को इस बात की जानकारी दी कि बिजली चोरी के मामले में राकेश के खिलाफ वारंट जारी हुआ है. मौके पर मौजूद लोगों को पुलिस ने वारंट की कॉपी भी दिखाई. इसके बावजूद भी लोग नहीं माने और पुलिस पर हमला कर दिया. लोगों की भीड़ ने पुलिस से धक्का-मुक्की कर वारंटी राकेश यादव को वहां से भगा दिया.

पुलिस ने एक व्यक्ति को किया गिरफ्तार

मामले को लेकर मौके पर काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा. हंगामे के बाद जिला प्रशासन ने भारी संख्या में पुलिस फोर्स को मौके पर भेजा. पुलिस ने सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज किया है. साथ ही आरोपी राकेश यादव के पड़ोसी सूरज कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. हालांकि, गिरफ्तार किए गए सूरज के परिजन उसे निर्दोष बता रहे हैं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. पूरा मामला पटना के पाटलिपुत्र थानाक्षेत्र के मैनपुरा इलाके की है.

ALSO READ: आंगनबाड़ी: अब अंडे की जगह मिलेगा सत्तू, सेविका और बच्चों की होगी वीडियो रिकॉर्डिंग

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >