Patna : दो वर्षों से अशोक राजपथ के दुकानदारों का व्यापार पड़ा ठप, 60% तक कम हुई आमदनी

शहर के अशोक राजपथ में चल रहे डबल डेकर फ्लाइओवर और मेट्रो के निर्माण कार्य की वजह से वहां के दुकानदारों के व्यापार पर संकट गहरा गया है. इन दुकानों की 60 प्रतिशत तक आमदनी कम हो गयी है.

संवाददाता, पटना : शहर के अशोक राजपथ में चल रहे डबल डेकर फ्लाइओवर और मेट्रो के निर्माण कार्य की वजह से वहां के दुकानदारों के व्यापार पर संकट गहरा गया है. पिछले दो वर्षों से चल रहे निर्माण कार्य से सड़कों का हाल खस्ता हो गया है. सड़कें खराब होने से लोगों को घंटों जाम का संकट झेलना पड़ रहा है. सबसे ज्यादा असर वहां के दुकानदारों और घरों में रहने वाले लोगों पर पड़ रहा है. गांधी मैदान से लेकर एनआइटी मोड़ के बीच पड़ने वाली दुकानें और मार्केट पर काफी असर पड़ रहा है. इन दुकानों की 60 प्रतिशत तक आमदनी कम हो गयी है. मेट्रो और डबल डेकर फ्लाइओवर का निर्माण पूरा होने में अभी करीब डेढ़ साल और इंतजार करना पड़ेगा. निर्माण कार्य की वजह से इस इलाके के दुकानदारों और लोगों को धूल कण के कारण खांसी और एलर्जी की तकलीफ बढ़ गयी है.

कुल्हड़िया कॉम्प्लेक्स

कुल्हड़िया कॉम्प्लेक्स के पास डबल डेकर फ्लाइओवर निर्माण कार्य की वजह से दोनों तरफ की सड़कों की स्थिति जर्जर हो गयी है. इससे लोगों को आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. आलम यह है कि पैदल चलना भी लोगों के लिए दुश्वार हो गया है. इस इलाके के दुकानदारों को सबसे अधिक समस्या धूल-कण से हो रही है. इस इलाके के दुकानदारों और स्टाफ को खांसी, एलर्जी और सांस लेने में दिक्कत होने लगी है. कई दुकानदारों का कहना है कि खासने पर कफ भी काला निकलता है.

सब्जीबाग मोड़

निर्माण कार्य की वजह से सब्जीबाग मोड़ के पास की सड़क को वन साइड कर दिया गया है. इससे एक लेने से गाड़ियां आने-जाने से जाम की स्थिति सुबह से रात तक बनी रहती है. इस इलाके के दुकानदारों का कहना है कि पुल निर्माण की वजह से पार्किंग की भी जगह नहीं बची है. दुकानदारों का कहना है कि सड़कें खराब होने से ग्राहकों का फुटफॉल 80 प्रतिशत तक कम हो गया है. दुकानदारों ने आमदनी कम होने से स्टाफ की संख्या भी कम कर दी है.

पीएमसीएच इमरजेंसी गेट

मेट्रो निर्माण कार्य के कारण सड़कों पर ही मिट्टी और पानी गिरा रहता है. इस इलाके में पैदल चलने वाले और बाइक सवारों को काफी परेशानियों का सामना करना पर रहा है. इस इलाके में स्थित पटना मार्केट के भी करीब 150 दुकानदारों की आमदनी 60 प्रतिशत तक कम हो गयी है. यहां भी दुकानदारों ने अपने स्टाफ की संख्या में कटौती कर दी है. हर महीने यहां के दुकानदारों को करीब एक करोड़ रुपये का नुकसान सहना पड़ रहा है. दुकानदारों का कहना है कि निर्माण कार्य के कारण पार्किंग की व्यवस्था भी नहीं है. मार्केट में 80 प्रतिशत तक ग्राहकों का फुटफॉल कम हो गया है.

मखनिया कुआं मोड़

पीएमसीएच का इमर्जेंसी गेट बंद होने और निर्माण कार्य की वजह से यहां पर सुबह से रात तक जाम की स्थिति बनी रहती है. इस इलाके के करीब 60 रिटेल दवा दुकानदारों के व्यापार 80 प्रतिशत तक कम हुआ है. यहां के दवा दुकानदारों का कहना है कि पहले 24 घंटे तक दुकानें खुली रहती थीं. अब 10 घंटे भी दुकान नहीं खुल रही हैं. धूल-कण की वजह से दुकानदारों और स्टाफ को भी सांस की समस्या होने लगी है. कई दुकानदारों ने बताया कि स्टाफ की संख्या आधे से भी कम कर दी है.

लालबाग

लालबाग इलाके के पास डबल डेकर फ्लाइओवर के निर्माण कार्य की वजह से सड़कों की स्थिति जर्जर हो गयी है. आस-पास के इलाके में किताब और नाश्ते की दुकानों को भी नुकसान झेलना पड़ रहा है. दुकानदारों का कहना है कि पिछले ढाई वर्षों से किताबों की सेल पर भी असर पड़ा है. इसके साथ ही अन्य दुकानदारों ने बताया कि प्लास्टिक और शीशा लगाने के बावजूद फोटो स्टेट और प्रिंटर मशीन एक महीने में ही खराब हो जा रही है. इसके साथ ही नाश्ते के दुकानदारों में भी ग्राहक 50 प्रतिशत तक कम हो गये हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >