पटना: ठाकुरबाड़ी से श्रीराम-सीता-लक्ष्मण की अष्टधातु मूर्तियां चोरी, जांच में जुटी पुलिस

करकट बिगहा गांव के ठाकुरबाड़ी से राम, सीता और लक्ष्मण की अष्टधातु की कीमती मूर्तियां बीती रात अज्ञात चोर ले गए. सुबह पूजा करने पहुंचे ग्रामीणों को मूर्तियां गायब मिलीं, जिससे उनमें भारी आक्रोश है.

Patna News : पालीगंज के महाबलीपुर ओपी क्षेत्र के करकट बिगहा गांव स्थित ठाकुरबाड़ी से रविवार की रात अज्ञात चोर भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण की अष्टधातु की मूर्तियां चोरी कर ले गये. सोमवार की सुबह ग्रामीण पूजा-अर्चना के लिए ठाकुरबाड़ी पहुंचे, तो तीनों मूर्तियां गायब मिलीं. इसके बाद गांव में चोरी की खबर फैल गयी और बड़ी संख्या में ग्रामीण ठाकुरबाड़ी परिसर में जुट गये.

सुबह पूजा करने पहुंचे तो गायब मिलीं मूर्तियां

ग्रामीणों के अनुसार, सोमवार की सुबह जब वे ठाकुरबाड़ी में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे, तो वहां भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण की मूर्तियां अपने स्थान पर नहीं थीं. काफी खोजबीन के बाद भी मूर्तियों का पता नहीं चला. इसके बाद ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी.

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही महाबलीपुर ओपी प्रभारी दीपक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने ठाकुरबाड़ी का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से घटना के संबंध में जानकारी ली. पुलिस ने आसपास के इलाके में भी जांच-पड़ताल की और चोरों के संभावित रास्तों का पता लगाने का प्रयास किया.

मूर्तियों की बरामदगी के लिए छापेमारी

ओपी प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि मामले में अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है. चोरी गयी मूर्तियों की बरामदगी और घटना में शामिल आरोपितों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.

सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश

घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है. ग्रामीणों ने ठाकुरबाड़ी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाये हैं. पुलिस का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है और जल्द ही चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सिकंदर कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >