मद्यनिषेध टीम से मारपीट के प्रयास का आरोप, कार्यालय में घुसकर हंगामा; दोनों पक्षों ने दी शिकायत

मसौढ़ी में मद्यनिषेध टीम से मारपीट के प्रयास और कार्यालय में हंगामा का मामला सामने आया है. जहां एक पक्ष टीम पर उत्पीड़न का आरोप लगा रहा है, वहीं दूसरा पक्ष सरकारी काम में बाधा डालने और जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल का आरोप लगा रहा है. पुलिस दोनों शिकायतों की जांच कर रही है.

Patna News : पटना के मसौढ़ी में एनएच-22 स्थित राजा बिगहा मोड़ के पास ड्यूटी से लौट रही मद्यनिषेध विभाग की टीम के साथ मारपीट के प्रयास और सरकारी काम में बाधा डालने का मामला सामने आया है. टीम के एक गृहरक्षक के साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने और एक सिपाही का सरकारी हथियार छीनने का प्रयास करने का आरोप लगाया गया है. इसके बाद आरोपितों पर मद्यनिषेध कार्यालय परिसर में पहुंचकर हंगामा करने का भी आरोप है. मामले में दो नामजद समेत 10-12 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है.

तेज रफ्तार बाइक ने विभागीय वाहन में मारी टक्कर

घटना बुधवार की बताई जा रही है. मद्यनिषेध विभाग के अवर निरीक्षक सौरभ चंद्र के नेतृत्व में टीम गश्ती के बाद अनुमंडल परिसर स्थित मद्यनिषेध कार्यालय लौट रही थी. इसी दौरान राजा बिगहा मोड़ के पास विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने विभागीय वाहन में टक्कर मार दी. बाइक सवार दोनों युवक मौके से भागने लगे. टीम ने पीछा कर दोनों को रोक लिया.

गृहरक्षक से जातिसूचक टिप्पणी और हथियार छीनने का आरोप

आरोप है कि इसी दौरान तरेगना मठ निवासी श्याम नारायण गिरी मौके पर पहुंचे और गृहरक्षक रंजीत कुमार के साथ गाली-गलौज करते हुए जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया. उन पर सरकारी कार्य में बाधा डालने और सिपाही संजय कुमार का सरकारी हथियार छीनने का प्रयास करने का भी आरोप लगाया गया है. शोर सुनकर आसपास के लोग जुटे तो आरोपित वहां से निकल गए.

मद्यनिषेध कार्यालय पहुंचकर भी हंगामा करने का आरोप

आरोप है कि कुछ देर बाद श्याम नारायण गिरी अपने पुत्र जितेंद्र गिरी और 10-12 अन्य लोगों के साथ मद्यनिषेध कार्यालय परिसर पहुंच गए. वहां भी गाली-गलौज और हंगामा करने का आरोप है. पुलिस बल के हस्तक्षेप के बाद सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें कार्यालय परिसर से बाहर किया.

एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में केस

गृहरक्षक रंजीत कुमार के लिखित आवेदन पर श्याम नारायण गिरी, जितेंद्र गिरी और 10-12 अज्ञात लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, एससी-एसटी अधिनियम समेत अन्य सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है.

श्याम नारायण गिरी ने भी लगाया मारपीट का आरोप

इधर, श्याम नारायण गिरी, जो सेवानिवृत्त सेना के जवान बताए जा रहे हैं, ने भी मद्यनिषेध टीम पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि तरेगना मठ निवासी दो किशोर स्कूटी से जा रहे थे. मद्यनिषेध की गाड़ी को रास्ता नहीं देने पर टीम ने दोनों किशोरों को पकड़कर कथित तौर पर पिटाई की. उन्हें बचाने पहुंचे श्याम नारायण गिरी के साथ भी मारपीट की गई, जिससे वे घायल हो गए.

उन्होंने टीम पर महिलाओं के साथ भी बदसलूकी करने का आरोप लगाया है. इस संबंध में श्याम नारायण गिरी की ओर से मद्यनिषेध विभाग के अवर निरीक्षक विनय और एक सिपाही के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत दी गई है.

दोनों मामलों की पुलिस कर रही जांच

पुलिस के अनुसार, मद्यनिषेध टीम और श्याम नारायण गिरी की ओर से दिए गए दोनों शिकायतों की जांच की जा रही है. जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अजय कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >