पटना से अमृता की रिपोर्ट
Education News : आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय (AKU) और चंद्रगुप्त प्रबंधन संस्थान पटना (CIMP) में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे. इन नए कार्यक्रमों का उद्देश्य छात्रों को एआई, डेटा आधारित निर्णय प्रणाली और आधुनिक तकनीकों में दक्ष बनाना है, ताकि वे बदलते रोजगार बाजार की जरूरतों के अनुसार खुद को तैयार कर सकें.
AKU में पहली बार शुरू होगा AI आधारित पीजी पाठ्यक्रम
आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय में पहली बार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़ा स्नातकोत्तर स्तर का पाठ्यक्रम शुरू किया जाएगा. इस कोर्स में मशीन लर्निंग, डीप लर्निंग, डेटा साइंस, नेचुरल लैंग्वेज प्रोसेसिंग (NLP), कंप्यूटर विजन और एआई आधारित एप्लिकेशन डेवलपमेंट जैसे विषयों की पढ़ाई कराई जाएगी. विश्वविद्यालय के शिक्षकों के अनुसार, छात्रों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ प्रोजेक्ट आधारित व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा.
CIMP में शुरू हुआ MBA इन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस
चंद्रगुप्त प्रबंधन संस्थान पटना (CIMP) में नए सत्र से MBA इन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पाठ्यक्रम शुरू किया गया है. इसमें प्रबंधन शिक्षा के साथ एआई, बिजनेस एनालिटिक्स, डेटा एनालिटिक्स, ऑटोमेशन, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन और एआई आधारित बिजनेस डिसीजन सिस्टम की जानकारी दी जाएगी. इससे छात्रों को कॉरपोरेट क्षेत्र की नई जरूरतों के अनुसार तैयार किया जाएगा.
रोजगार और शोध के नए अवसर खुलेंगे
AKU और CIMP प्रशासन का कहना है कि आने वाले समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रभाव स्वास्थ्य, शिक्षा, बैंकिंग, उद्योग, कृषि और प्रशासन जैसे क्षेत्रों में तेजी से बढ़ेगा. ऐसे में एआई आधारित उच्च शिक्षा कार्यक्रम युवाओं के लिए रोजगार और शोध के नए अवसर उपलब्ध कराएंगे.
बिहार में 180 सीटों पर होगा नामांकन
मुख्य प्रशासनिक पदाधिकारी कुमुद कुमार ने कहा कि बिहार में इस तरह के पाठ्यक्रम शुरू होने से छात्रों को एआई की पढ़ाई के लिए दूसरे राज्यों में जाने की जरूरत कम होगी. इन पाठ्यक्रमों में कुल 180 सीटों पर नामांकन लिया जा रहा है.
