Bulldozer Action On a Shop : (मसौढ़ी) पटना-गया राष्ट्रीय उच्च पथ (एनएच-22) को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है. मंगलवार को मसौढ़ी थाना क्षेत्र के नदौल इलाके में एनएच के किनारे अतिक्रमण कर बनाई गई करीब 30 दुकानों, ढाबों, होटलों और चाय-नाश्ते की दुकानों पर बुलडोजर चलाया गया. कार्रवाई के दौरान सड़क की जमीन और राइट ऑफ वे (आरओडब्ल्यू) में किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया.
20 दिनों में अतिक्रमण हटाने का लक्ष्य
प्रशासन के अनुसार अनुमंडल क्षेत्र से गुजरने वाले एनएच-22 को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए अगले 20 दिनों में हाईवे के राइट ऑफ वे क्षेत्र से सभी अवैध निर्माण हटाने का लक्ष्य रखा गया है. संबंधित लोगों को स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने की हिदायत दी गई है. निर्धारित अवधि में अतिक्रमण नहीं हटाने वालों के खिलाफ प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा.
हाईवे किनारे निर्माण के नियम सख्त
एनएचएआई के दिशा-निर्देशों के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे होटल, ढाबा और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए हाईवे तक सीधे पहुंच की अनुमति सामान्य तौर पर नहीं होती. ऐसे प्रतिष्ठानों के लिए निर्धारित नियमों के तहत सर्विस रोड अथवा स्वीकृत पहुंच मार्ग की व्यवस्था जरूरी है. हाईवे से जुड़ने वाले पहुंच मार्ग के लिए संबंधित प्राधिकरण से अनुमति लेना भी आवश्यक है.
दोनों ओर चल रहा अतिक्रमण हटाओ अभियान
दंडाधिकारी के रूप में तैनात अंचल राजस्व पदाधिकारी मुरारी चौहान ने बताया कि मसौढ़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत एनएच-22 के दोनों ओर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है. अभियान का उद्देश्य हाईवे की जमीन और राइट ऑफ वे को अतिक्रमण मुक्त कर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाना है. अधिकारियों के अनुसार सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण कई स्थानों पर सड़क की चौड़ाई प्रभावित हो रही थी और यातायात भी बाधित होता था. अतिक्रमण हटाए जाने के बाद आवागमन सुगम होने के साथ सड़क सुरक्षा में भी सुधार की उम्मीद है.
