Abhishek Banerjee: पश्चिम बंगाल में टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. इस मामले पर बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन ने पटना में बड़ा बयान दिया है. उन्होंने इस घटना को किसी राजनीतिक साजिश का हिस्सा मानने से इनकार किया है. शाहनवाज हुसैन ने कहा कि यह घटना पश्चिम बंगाल की जनता के गुस्से का परिणाम है. उन्होंने कहा कि लोगों ने अपनी नाराजगी जाहिर करने के लिए विरोध प्रदर्शन किया.
जनता के आक्रोश का नतीजा बताया
मीडिया से बातचीत के दौरान शाहनवाज हुसैन ने कहा कि पश्चिम बंगाल में अभिषेक बनर्जी के खिलाफ लोगों का गुस्सा लंबे समय से जमा था. उन्होंने दावा किया कि जूते, चप्पल और अंडे फेंककर लोगों ने अपनी नाराजगी जाहिर की. उन्होंने कहा कि पिछले करीब 15 वर्षों के दौरान राज्य की जनता ने कई तरह की परेशानियां झेली हैं. इसी वजह से लोगों का आक्रोश अब खुलकर सामने आ रहा है.
टीएमसी पर लगाए गंभीर आरोप
बीजेपी नेता ने टीएमसी पर हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी ने लंबे समय तक जनता के साथ तानाशाही रवैया अपनाया. उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि जब भी किसी तरह की तानाशाही बढ़ती है तो उसका अंत अच्छा नहीं होता. शाहनवाज हुसैन ने कहा कि जनता का गुस्सा किसी भी सरकार के लिए बड़ा संदेश होता है और राजनीतिक दलों को इसे गंभीरता से लेना चाहिए.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
बीजेपी की भूमिका से किया इनकार
टीएमसी की ओर से लगाए जा रहे आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए शाहनवाज हुसैन ने कहा कि इस पूरे मामले में बीजेपी की कोई भूमिका नहीं है. उन्होंने साफ कहा कि यह मामला केवल जनता और अभिषेक बनर्जी के बीच का है. उन्होंने कहा कि विरोध प्रदर्शन में जो कुछ हुआ, वह स्थानीय लोगों की प्रतिक्रिया थी और इसे राजनीतिक रंग देने की कोशिश नहीं की जानी चाहिए.
शाहनवाज हुसैन ने दावा किया कि स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने समय रहते स्थिति को संभाल लिया. सुरक्षा व्यवस्था के कारण अभिषेक बनर्जी को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका. उन्होंने यह भी कहा कि जब किसी क्षेत्र में विरोध की संभावना हो तो नेताओं को पहले से प्रशासन को पूरी जानकारी देनी चाहिए ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके.
इसे भी पढ़ें: पटना में NH किनारे बने अवैध ढाबों और पार्किंग पर चलेगा बुलडोजर, 15 दिनों में हटाने का DM का आदेश
