संवाददाता,पटना स्वास्थ्य विभाग राज्य में दूसरे नये होमियोपैथी मेडिकल कॉलेज अस्पताल की स्थापना करने की पहल करेगी. इसकी घोषणा विश्व होमियोपैथी दिवस के अवसर पर गुरुवार को स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने की. उन्होंने कहा कि दक्षिण बिहार में जल्द नये होमियोपैथी कॉलेज एवं अस्पताल की स्थापना की जायेगी. यह संस्थान चालू वित्तीय वर्ष में ही शुरू हो जायेगा. उन्होंने बताया कि राज्य में 64 वर्षों बाद आरबीटीएस, होमियोपैथी कॉलेज, मुजफ्फरपुर के बाद एक नये सरकारी होमियोपैथी कॉलेज की स्थापना होने जा रही है. स्वास्थ्य मंत्री राज्य आयुष समिति की तरफ से गुरुवार को शहर के शास्त्रीनगर स्थित ऊर्जा ऑडिटोरियम में आयोजित डाॅ सैमुअल हैनिमैन की जयंती समारोह एवं वैज्ञानिक सेमिनार को संबोधित कर रहे थे. राज्य में 86 नये आयुष्मान आरोग्य मंदिर बनाये जायेंगे : स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि होमियोपैथी चिकित्सा पद्धति की लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है. इसे देखते हुए राज्य में 86 नये आयुष्मान आरोग्य मंदिर बनाये जायेंगे. उन्होंने कहा कि 121 करोड़ की लागत से मुजफ्फरपुर में 200 बेडों के एक आधुनिक होमियोपैथी अस्पताल का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है. इसका उद्घाटन भी जल्द किया जायेगा. इस मौके पर विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने कोविड-19 के दौरान आयुष चिकित्सा पद्धति के भूमिका की सराहना की. उन्होंने कहा कि कोरोना में लोगों को होमियोपैथी दवाओं से लाभ मिला है. 12 होमियोपैथी चिकित्सक किये गये सम्मानित : इस कार्यक्रम के दौरान आयुष क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 12 होमियोपैथी चिकित्सकों को सम्मानित किया गया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
