Patna News : पटना में मानसून के दौरान राजधानी पटना और आसपास के क्षेत्रों में जलजमाव की समस्या से राहत मिलने लगी है. बिहार अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (बुडको) ने नौ नए ड्रेनेज पंपिंग स्टेशनों (डीपीएस) का निर्माण पूरा कर उनका संचालन शुरू कर दिया है. इससे बारिश के बाद कम समय में जलनिकासी संभव हो रही है.
दर्जनों इलाकों को मिल रहा सीधा लाभ
नई व्यवस्था से पटना नगर निगम के 10 से अधिक वार्डों के अलावा करबिगहिया, कंकड़बाग, बहादुरपुर, राजीव नगर, दानापुर और फुलवारीशरीफ समेत दर्जनों इलाकों को सीधा फायदा मिल रहा है. नंदलाल छपरा, बकरी बाजार, दीघा कैनाल और राजीव नगर सहित सभी नौ डीपीएस के माध्यम से बारिश का पानी तेजी से निकाला जा रहा है, जिससे जलभराव की स्थिति में काफी सुधार हुआ है.
अधिकारियों को अलर्ट रहने का निर्देश
बुडको के प्रबंध निदेशक अनिमेष कुमार पराशर ने संबंधित अधिकारियों को मानसून के दौरान पूरी सतर्कता बरतने और किसी भी क्षेत्र में जलजमाव की स्थिति बनने पर त्वरित जलनिकासी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. उन्होंने कहा कि सभी पंपिंग स्टेशनों का नियमित संचालन और निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को जलजमाव की समस्या का सामना नहीं करना पड़े.
