Patna News : खगौल में गुप्त सूचना के आधार पर खगौल पुलिस ने दानापुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1ए की सीढ़ी के पास छापेमारी कर 77.88 लीटर विदेशी शराब की खेप बरामद की. कार्रवाई के दौरान रेलकर्मी (तकनीशियन) समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक आरोपित पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया.
एक आरोपी मौके से फरार
पुलिस के अनुसार दानापुर स्टेशन के पास खड़ी एक मारुति सुजुकी टूर-एस कार में ट्रॉली बैग के जरिए शराब लोड की जा रही थी. पुलिस टीम के पहुंचते ही तस्करों में अफरा-तफरी मच गई और एक आरोपित मौके से फरार हो गया. पुलिस ने मौके से गाड़ीखाना निवासी एवं रेलवे में तकनीशियन के पद पर कार्यरत दिनेश कुमार तथा कार चालक नासरीगंज निवासी शम्मी कुमार को गिरफ्तार कर लिया.
कार की तलाशी में मिले ये ब्रांड
कार की तलाशी में ट्रॉली बैगों से रेड लेबल, ब्लेंडर्स प्राइड, रॉयल स्टैग, सिग्नेचर और स्मिरनॉफ समेत विभिन्न ब्रांड की कुल 77.88 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई. पुलिस ने शराब और कार को जब्त कर लिया. प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि आरोपित महंगी विदेशी शराब की होम डिलीवरी सहित अन्य माध्यमों से सप्लाई करने वाले संगठित नेटवर्क से जुड़े थे. पुलिस को पूछताछ में तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिली है.
फरार आरोपित की तलाश जारी
खगौल थानाध्यक्ष रंजन कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई. गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ जारी है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. उन्होंने बताया कि दिनेश कुमार काफी समय से शराब तस्करी में संलिप्त था और पुलिस उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी. मामले में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
