Patna News : शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए उत्पाद विभाग और पिपरा थाना पुलिस ने सोमवार को अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 518 लीटर अवैध शराब बरामद की. तीन मामलों में चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि तस्करी में प्रयुक्त दो ऑटो रिक्शा और एक ट्रॉली बैग जब्त किया गया.
तारेगना स्टेशन पर बीयर के साथ तस्कर गिरफ्तार
उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर तारेगना रेलवे स्टेशन के पास छापेमारी कर भगवानगंज थाना क्षेत्र के बिहटा टोला देवरिया निवासी उपेंद्र कुमार (24) को गिरफ्तार किया. उसके ट्रॉली बैग से 500 एमएल की किंगफिशर एक्स्ट्रा स्ट्रांग प्रीमियम बीयर की 48 बोतलें, कुल 24 लीटर, बरामद हुईं. उत्पाद अधीक्षक निशांत कुमार ने बताया कि आरोपी शराब बिक्री के उद्देश्य से इसे ले जा रहा था. उसके खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है.
ऑटो से 270 लीटर चुलाई शराब बरामद
दूसरी कार्रवाई में मसौढ़ी उत्पाद विभाग ने एक ऑटो रिक्शा से 270 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की. इस मामले में रविकांत कुमार (24) और प्रदीप कुमार (23) को गिरफ्तार किया गया. पुलिस के अनुसार सात बोरों में रखी 27 पॉलिथीन में शराब पैक थी. ऑटो को जब्त कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
पिपरा में 200 लीटर देशी शराब जब्त
तीसरी कार्रवाई में पिपरा थाना पुलिस ने वाहन जांच के दौरान एक ऑटो रिक्शा से 200 लीटर अवैध देशी शराब बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया. शराब ढोने में प्रयुक्त ऑटो को भी जब्त कर लिया गया. पुलिस गिरफ्तार तस्कर से पूछताछ कर शराब तस्करी के नेटवर्क और सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी है.
