Patna News : पटना के दानापुर थाना क्षेत्र के पनापुर दियारा में देर रात करीब दो बजे उत्पाद विभाग की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर 312 लीटर बीयर बरामद की. पुलिस को देखते ही शराब का धंधेबाज नाव से गंगा में छलांग लगाकर तैरते हुए फरार हो गया. अंधेरे का फायदा उठाकर वह पुलिस की पकड़ में नहीं आ सका.
नाव पर लदी थी बीयर की खेप
उत्पाद विभाग के अनुसार, छापेमारी के दौरान मौके से किंगफिशर स्ट्रॉन्ग बीयर की 500 मिलीलीटर वाली 624 कैन बरामद की गयीं. जब्त बीयर की अनुमानित कीमत करीब 1.12 लाख रुपये आंकी गयी है. पुलिस ने शराब की पूरी खेप जब्त कर ली है.
गंगा में कूदकर भाग निकला धंधेबाज
कार्रवाई के दौरान पुलिस को देखते ही धंधेबाज नाव से गंगा में कूद गया. इसके बाद वह तैरते हुए अंधेरे में फरार हो गया. पुलिस ने उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन अंधेरे और दियारा क्षेत्र का फायदा उठाकर वह पुलिस की नजर से बच निकला.
दियारा इलाके में भी की गयी छापेमारी
धंधेबाज के फरार होने के बाद उत्पाद विभाग की टीम ने आसपास के दियारा इलाके में उसकी तलाश में छापेमारी की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला. पुलिस अब फरार आरोपित की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर कार्रवाई कर रही है.
कहां से आयी इतनी बड़ी खेप, जांच शुरू
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बीयर की इतनी बड़ी खेप कहां से मंगायी गयी थी और दियारा इलाके में इसे कहां खपाने की तैयारी थी. फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
