मोकामा में मध्याह्न भोजन खाने के बाद 300 स्कूली छात्र हुए बीमार, मचा हड़कंप

patna news: मोकामा. मोकामा के मेकरा मध्य विद्यालय में गुरुवार को मध्याह्न भोजन खाने के बाद तकरीबन 300 छात्र बीमार हो गये.

मोकामा. मोकामा के मेकरा मध्य विद्यालय में गुरुवार को मध्याह्न भोजन खाने के बाद तकरीबन 300 छात्र बीमार हो गये. बीमार बच्चों का उपचार मोकामा ट्रॉमा सेंटर और निजी अस्पताल में कराया गया. हालांकि डॉक्टर का कहना है कि बीमार बच्चों की हालत खतरे से बाहर है.

मिली जानकारी के अनुसार विद्यालय में 700 के करीब बच्चों को भोजन कराया गया. इसमें सबसे ज्यादा छोटे बच्चे आक्रांत हुए. स्कूली छात्रों का कहना है कि भोजन के आधे घंटे बाद उल्टी और चक्कर की शिकायत को होने लगी. आनन फानन में शिक्षकों ने समय से पहले ही स्कूल से छुट्टी दे दी. घर पहुंचने के बाद कई बच्चे अचेत होने लगे. इधर ग्रामीणों के बीच मध्याह्न भोजन में सांप गिरने की अफवाह फैल गयी. परिजन पहले तो बच्चों को झाड़ फूंक के लिए मंदिर ले गये. बाद में स्थानीय प्रशासन को सूचना मिलने पर पीड़ित बच्चों को अस्पताल पहुंचाया गया. बताया जा रहा है कि डेढ़ सौ बच्चों का उपचार ट्रॉमा सेंटर में हुआ है.

मोकामा के मेकरा में सैकड़ों बच्चों के बीमार होने के बाद कोहराम मचा है. ग्रामीणों की मानें तो दोपहर के तीन बजे तक 50 बच्चे को उल्टी और चक्कर की शिकायत थी, लेकिन शाम के चार बजे के करीब बीमार होने वाले बच्चों की संख्या तीन सौ के करीब पहुंच गयी लेकिन स्थानीय प्रशासन को हादसे की भनक तक नहीं थी. दरअसल साढ़े नौ बजे बच्चों को भोजन कराया गया. ग्रामीणों का आरोप है कि एक बच्चे ने विषैले जीव को सब्जी से निकाल कर फेंकते देख लिया था. इसकी जानकारी होने के बावजूद स्कूल प्रबंधन ने बच्चों को भोजन करा दिया. भोजन के आधे घंटे बाद दो तीन बच्चे बीमार पड़ गये.

घटना के बाद कई घंटे तक नहीं पहुंचा सरकारी महकमा, लोगों ने जाम की सड़क

घटना के बाद कई घंटे तक सरकारी महकमा पीड़ित बच्चों की सुध लेने नहीं पहुंचा. इसको लेकर ग्रामीण आक्रोशित हो गये उन्होंने स्कूल के पास एनएच 31 पर जाम लगा दिया. वहीं हंगामा करने लगे. रोड जाम की सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और निजी वाहनों से बच्चों को अस्पताल पहुंचाया जाने लगी. तब जाकर आक्रोशित लोग शांत हुए. बाद में एम्बुलेंस पर स्वास्थ्य कर्मियों की टीम पहुंची. वहीं बच्चों को ट्रॉमा सेंटर लाया गया. इस बीच अधिकांश बच्चे उपचार के लिए निजी अस्पताल चले गये.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >