Patna News : राजधानी पटना के बैंक रोड स्थित दादी मंदिर का 26वां स्थापना दिवस शुक्रवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया. इस अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना, मंगल पाठ, भजन-कीर्तन, दादी जी का भव्य श्रृंगार, महाआरती और प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया. दिनभर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर दादी जी के दर्शन किए तथा सुख-समृद्धि और विश्व कल्याण की कामना की.
26 वर्षों से आस्था का प्रमुख केंद्र बना है मंदिर
एमपी जैन और गीता जैन ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य संस्थापक अमर अग्रवाल ने कहा कि आषाढ़ शुक्ल द्वितीया के पावन अवसर पर दादी मंदिर की स्थापना हुई थी. पिछले 26 वर्षों से यह मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था के साथ-साथ सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों का भी प्रमुख केंद्र बना हुआ है. उन्होंने मंदिर के निर्माण और स्थापना में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दादी जी की कृपा से मंदिर लगातार धर्मसेवा और जनसेवा के कार्यों में सक्रिय है.
मंदिर स्थापना का इतिहास भी किया साझा
अमर अग्रवाल ने बताया कि मंदिर एवं विवाह भवन का शिलान्यास मार्गशीर्ष कृष्ण पक्ष द्वितीया, संवत् 2053 (14 जुलाई 1999) को सुमेरू पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य श्री चिन्मयानन्द सरस्वती जी के करकमलों द्वारा श्री वेदान्ती स्वामी जी (करपात्री धाम, वाराणसी) की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ था. वहीं आषाढ़ शुक्ल द्वितीया, संवत् 2056 को जगद्गुरु रामानन्दाचार्य श्री रामभद्राचार्य जी महाराज (चित्रकूट धाम) के करकमलों से मंदिर का उद्घाटन किया गया.
भक्ति संगीत से भक्तिमय हुआ वातावरण
स्थापना दिवस समारोह का मुख्य आकर्षण भक्ति संगीत रहा. रजनी केडिया और संजू अग्रवाल ने अपने मधुर भजनों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया. शकुन्तला अग्रवाल सहित अन्य कलाकारों ने भी भजन प्रस्तुति दी. पूरा मंदिर परिसर दादी जी के जयघोष से गूंज उठा.
दादी जी का आकर्षक श्रृंगार बना श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र
समारोह में विकास पोद्दार द्वारा किया गया दादी जी का भव्य और अलौकिक श्रृंगार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा. कार्यक्रम में अमर अग्रवाल, रमेश मोदी, अक्षय अग्रवाल समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे.
