Patna News : पटना सिटी के सुल्तानगंज थाना पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए किराये के मकान में छापेमारी कर 22 हजार पीस प्रतिबंधित इंजेक्शन और 406 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया है. मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की जा रही है. पुलिस ने नकद रुपये, मोबाइल फोन और एक स्कूटी भी जब्त की है.
गुप्त सूचना पर स्कूटी सवार को दबोचा
एएसपी राजकिशोर सिंह ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी दौरान सुल्तानगंज थाना पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक स्कूटी से गुलबी घाट श्मशान गली के पास प्रतिबंधित कफ सिरप लेकर जा रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर चौक थाना क्षेत्र के हाजीगंज निवासी आदित्य कुमार उर्फ दिलीप कुमार को प्रतिबंधित कफ सिरप के साथ गिरफ्तार कर लिया.
किराये के मकान से मिली बड़ी खेप
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपित ने खानमिर्जा स्थित किराये के मकान में प्रतिबंधित दवाइयों का भंडारण किए जाने की जानकारी दी. इसके बाद पुलिस ने वहां छापेमारी कर 11 पेटियों में रखे 22 हजार प्रतिबंधित इंजेक्शन तथा दो कार्टन में रखी 406 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद की. इसके अलावा बिक्री के 9,945 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और स्कूटी भी जब्त की गई.
पहले से दर्ज हैं कई मामले
थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ सुल्तानगंज थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत कांड संख्या 301/26 दर्ज किया गया है. इसके अलावा चौक थाना में भी उसके खिलाफ पहले से दो आपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए आरोपित से पूछताछ कर रही है. छापेमारी दल में दारोगा अखिलेश कुमार, पूजा कुमारी, मनीष कुमार, सअनि मो. हसनैन, अरविंद कुमार, सिपाही युवराज, राजीव कुमार, नेहा कुमारी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.
