पटना : पीएमसीएच में जल्द ही न्यूरो व ऑर्थो की सर्जरी की व्यवस्था अलग कर दी जायेगी. फिलहाल न्यूरो व ऑर्थो की सर्जरी की व्यवस्था एक साथ ही है. इसके कारण मरीजों को काफी लंबा इंतजार करना पड़ता है. दोनों की व्यवस्था अलग-अलग होने से मरीजों को लाभ पहुंचेगा. पीएमसीएच के अधीक्षक डाॅ विमल कुमार कारक ने शनिवार को इसको लेकर समीक्षा की. फिलहाल उन्होंने किसी प्रकार का निष्कर्ष नहीं दिया है.
डाॅ कारक पीएमसीएच की व्यवस्था में सुधार लाने के लिए हर विभाग की एक-एक कर समीक्षा कर रहे हैं. वे पीएमसीएच में कार्यरत 19 विभागों की समीक्षा करेंगे और उसके बाद समस्याओं का निदान किया जायेगा. इसके साथ ही आयुष्मान भारत योजना को और भी प्रभावी बनाने के लिए अधीक्षक द्वारा प्रयास किया जा रहा है.
अधीक्षक डाॅ कारक ने बताया कि आयुष्मान योजना के तहत इस माह 200 से अधिक लोगों को जोड़ा जा चुका है. फिलहाल उनकी प्राथमिकता पीएमसीएच में सैनिटेशन व सिक्युरिटी की व्यवस्था को मजबूत करना है. इसके लिए हर स्तर पर प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने दावा किया कि पीएमसीएच की व्यवस्था तीन माह में और भी बेहतर कर दी जायेगी. नवीनतम तकनीकों पर आधारित बर्न अस्पताल बनाया गया है.
