पटना : नशे में हथियार के साथ सेल्फी ले रहे थे, छीना- झपटी में चली गोली से हुई थी इंजीनियर की मौत

दोनों दोस्तों ने कहा- आलोक अपने साथ लेकर आया था पिस्टल पटना : पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के इंद्रपुरी कॉलोनी रोड नंबर-6 के किराये के मकान में हुई इंजीनियर आलोक रंजन की मौत की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है. घटना के दिन पिस्टल की छीना-झपटी के दौरान सिर में गोली लगने से आलोक की मौत […]

दोनों दोस्तों ने कहा- आलोक अपने साथ लेकर आया था पिस्टल
पटना : पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के इंद्रपुरी कॉलोनी रोड नंबर-6 के किराये के मकान में हुई इंजीनियर आलोक रंजन की मौत की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है. घटना के दिन पिस्टल की छीना-झपटी के दौरान सिर में गोली लगने से आलोक की मौत हुई थी.
शराब के नशे में आलोक, हिमांशु व अभिषेक कुमार हथियार के साथ सेल्फी ले रहे थे. पिस्टल आलोक के हाथ में ही था. हथियार छीनने के क्रम में गोली आलोक को लग गयी और अस्पताल ले जाने के दरम्यान उसकी मौत हो गयी. प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसएसपी उपेंद्र शर्मा ने बताया कि घटना का साक्ष्य छिपाने व मौके से फरार होने के कारण मृतक के दोनों दोस्त हिमांशु व अभिषेक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.
घटना के बाद हो गये थे फरार : पूछताछ के दौरान दोनों आरोपितों ने बताया कि घटना के दिन इंद्रपुरी में तीनों दोस्तों ने मिल कर शराब पार्टी की थी. हथियार आलोक अपने साथ लेकर आया था. गोली लगने के बाद दोनों दोस्त मृतक को पास के एक अस्पताल में भर्ती करा कर फरार हो गये. वहीं, डर से हथियार को पीएंडएम मॉल स्थित एक नाले में फेंक कर अपने गृह जिला छपरा फरार हो गये. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों को छपरा से गिरफ्तार किया था.
उल्लेखनीय है कि 30 जनवरी की देर रात दानापुर गोला रोड के रहने वाले आलोक रंजन की गोली लगने से मौत हो गयी थी. आलोक के पिता के बयान पर पाटलिपुत्र थाने में मृतक के दोनों दोस्तों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था. दोनों दोस्त इंद्रपुरी में किराये के मकान में रह कर सिविल सेवा की तैयारी करते हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >