पटना : डाकबंगला पर प्रदर्शन, सड़क जाम, लाठीचार्ज

भारत बंद : सीएए, एनआरसी के खिलाफ विभिन्न संगठनों ने किया प्रदर्शन पटना : सीएए, एनआरसी और इवीएम हटाने को लेकर विभिन्न संगठनों ने बुधवार को राजधानी में अलग-अलग जगहाें पर बुलाये गये बंद के दौरान प्रदर्शन किया. करीब तीन घंटे तक प्रदर्शनकारियों ने डाकबंगला का ट्रैफिक रोके रखा. इस दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ […]

भारत बंद : सीएए, एनआरसी के खिलाफ विभिन्न संगठनों ने किया प्रदर्शन
पटना : सीएए, एनआरसी और इवीएम हटाने को लेकर विभिन्न संगठनों ने बुधवार को राजधानी में अलग-अलग जगहाें पर बुलाये गये बंद के दौरान प्रदर्शन किया. करीब तीन घंटे तक प्रदर्शनकारियों ने डाकबंगला का ट्रैफिक रोके रखा. इस दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ जम कर नारे लगे. प्रदर्शन में करीब एक दर्जन छोटे-छोटे संगठन शामिल हुए. दिन के 11 बजे से प्रदर्शन शुरू हुआ और डाकबंगला चौराहे पर 12:43 बजे तक प्रदर्शन किया गया. प्रदर्शन में पूर्व सीएम जीतन राम मांझी, पूर्व मंत्री उपेंद्र कुशवाहा भी पहुंचे थे. दोनों सड़क पर बैठे रहे. पुलिस ने जीतन राम मांझी, उपेंद्र कुशवाहा, पप्पू यादव समेत 250 अज्ञात के खिलाफ कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की है.
वामसेफ द्वारा बुलाये गये बंद को कई संगठनों ने समर्थन दिया. हालांकि शहर में बंद का खास असर नहीं दिखा. दुकानें खुली रहीं. डाकबंगला चौराहा पर प्रदर्शन में शामिल होने के बाद करीब 12:30 बजे पूर्व सीएम और पूर्व मंत्री वहां से निकल गये. इसके बाद पुलिस ने सबको हटाना शुरू कर दिया. इस दौरान हाथापाई हुई. प्रदर्शनकारी लोकतंत्र और अपने हक की बात कर रहे थे, तो पुलिस कानून व्यवस्था और प्रतिबंधित क्षेत्र की दुहाई दे रही थी. पुलिस ने लाठीचार्ज कर सड़क खाली कराया. 12:45 बजे से ट्रैफिक शुरू हुआ व प्रदर्शन खत्म हुआ.
अशोक राजपथ में भी सड़क को किया जाम
डाकबंगला पर प्रदर्शन समाप्त होने के बाद अशोक राजपथ पर डेंटल अस्पताल के सामने सैकड़ों लोगों ने सड़क को जाम कर दिया. सड़क के बीच टायर जला दिया. कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की गयी. पटना सिटी से सिटी एसपी पूर्वी जितेंद्र कुमार आ रहे थे, इस दौरान उनकी गाड़ी को प्रदर्शनकारियाें ने रोक लिया. इस मामले में पीरबहोर थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >