तरुवर कोहली व बॉबी का जलवा बिहार का पहली पारी में 226/8

पटना : मोइनुल हक स्टेडियम में बिहार के खिलाफ खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी प्लेट ग्रुप के मुकाबले में बैटिंग अपना जलवा बिखरने वाले मिजोरम के तरुवर कोहली (चार विकेट) ने बॉबी (3 विकेट) के साथ मिल कर बिहार के बल्लेबाजों को भी परेशान कर दिया. मेजबान टीम से बाबुल और रहमत उल्लाह ने कुछ […]

पटना : मोइनुल हक स्टेडियम में बिहार के खिलाफ खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी प्लेट ग्रुप के मुकाबले में बैटिंग अपना जलवा बिखरने वाले मिजोरम के तरुवर कोहली (चार विकेट) ने बॉबी (3 विकेट) के साथ मिल कर बिहार के बल्लेबाजों को भी परेशान कर दिया. मेजबान टीम से बाबुल और रहमत उल्लाह ने कुछ देर मैदान पर रहकर टीम का स्कोर बढ़ाया जरूर, लेकिन अन्य बल्लेबाजों ने एक बार फिर निराश किया.

मैच के दूसरे दिन खेल समाप्ति के समय तक बिहार ने बाबुल कुमार (85 रन, 138 गेंद, 9 चौके, 1 छक्का) और रहमत उल्लाह (58 रन, 84 गेंद, सात चौके) की अर्धशतकीय पारी की बदौलत 8 विकेट पर 226 रन बना लिये हैं. पहली पारी के आधार पर मिजोरम 152 रन से आगे है.
दूसरे दिन मिजोरम ने पहले दिन के स्कोर दो विकेट पर 310 रन से आगे खेलना शुरू किया और 60 रन जोड़ कर पूरी टीम ऑल आउट हो गयी. तरुवर कोहली ने अपने शुक्रवार के स्कोर में सात रन और जोड़े और आशुतोष अमन का शिकार बने.
उन्होंने 242 गेंदों में 95 रन बनाये. इसके बाद मिजोरम की पारी ताश के पत्तों की तरह बिखर गयी. पूरी टीम 378 रनों के योग पर ऑल आउट हो गयी. पवन केबी ने 44 रन बनाये. पहले दिन प्रतीक देसाई 192 रनों की शानदार खेल कर आउट हुए थे.
पहले दिन विकेट को तरसे कप्तान आशुतोष अमन ने दूसरे दिन 107 रन देकर पांच विकेट चटकाये. शब्बीर खान ने 74 रन देकर 1, शिवम कुमार ने 113 रन देकर एक और अभिजीत साकेत ने 50 रन देकर एक विकेट चटकाये. अभिजीत ने क्षेत्ररक्षण में भी शानदार प्रदर्शन किया और मिजोरम के दो बल्लेबाजों रन आउट किया.
बाबुल और रहमत के अलावा बिहार के सभी बल्लेबाज रहे फ्लॉप
कप्तान आशुतोष अमन ने झटके पांच विकेट
मिजोरम से मेजबान टीम 152 रन पीछे
पदार्पण मैच में लखन राजा बिना खाता खोले लौटे पवेलियन
बिहार की पारी की शुरुआत काफी खराब रही. पारी की शुरुआत इंद्रजीत कुमार और लखन राजा ने की. अपना पहला प्रथम श्रेणी मैच खेल रहे सीएबी सचिव आदित्य वर्मा के बेटे लखन राजा बिना खाता खोले पवेलियन लौट गये.
इस समय टीम का स्कोर 8 रन था. अभी टीम के स्कोर में एक रन का इजाफा हुआ था कि गोवा के खिलाफ दूसरी पारी में अर्धशतकीय पारी खेलने वाले कुमार मृदुल भी एक रन बना कर आउट हो गये. लखन राजा को तरुवर कोहली ने पगबाधा आउट किया, जबकि कुमार मृदुल को बॉबी ने हरुजेला के हाथों कैच करवाया.
इस लड़खड़ाहट से बिहार टीम संभल पाती कि बॉबी ने इंद्रजीत को पगबाधा आउट कर तीसरा झटका दिया. इंद्रजीत पर चयनकर्ताओं ने भरोसा जताते हुए इसबार टीम में रखा था, लेकिन एकबार फिर उन्होंने निराश किया. 15 रन पर मेजबान टीम के तीन विकेट गिर चुके थे.
बिहार की लड़खड़ाती हुई पारी को बाबुल, रहमत व शशीम ने संभाली
मेजबान टीम की लड़खड़ाती पारी को बाबुल कुमार और शशीम राठौर ने संभाला. इन दोनों के बीच 50 रनों की साझेदारी हुई. शशीम राठौर शानदार बैटिंग कर रहे थे पर 26 रनों के योग पर बॉबी ने उन्हें पगबाधा आउट कर बिहार को एक बार फिर संकट में डाल दिया. शशीम राठौर ने 20 गेंदों में तीन चौकों व एक छक्का की मदद से 26 रन बनाये.
अब जिम्मेदारी बाबुल कुमार और उपकप्तान रहमत उल्लाह पर आ गयी, जिसका इन दोनों ने भरपूर निर्वहन किया और अर्धशतकीय पारी खेल कर टीम का स्कोर सम्मानजनक स्थिति में पहुंचाया. बाबुल कुमार अपने शतक की ओर से बढ़ रहे थे कि तरुवर कोहली ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया. बिहार कोहली ने पांचवां झटका दिया. बाबुल 138 गेंदों में 9 चौके व 1 छक्का की मदद से 85 रन बनाकर आउट हुए.
इसके बाद रहमत ने 65 गेंद में अपना पचासा पूरा किया. अर्धशतक पूरा करने के कुछ ही देर बार रहमत को भी तरुवर कोहली ने अपना शिकार बनाया. रहमत 84 गेंदों में सात चौकों की मदद से 58 रन बनाये. इसके बाद विकास रंजन और शब्बीर खान ने कमाल संभाली और दूसरे दिन की खेल समाप्ति तक टीम का स्कोर 8 विकेट पर 226 रन तक पहुंचाया.
कप्तान आशुतोष अमन बिना खाता खोले पवेलियन लौटे. शब्बीर खान ने 16 गेंदों में 15 रन बनाये. दूसरे दिन का खेल समाप्त होने के समय बिहार ने 55 ओवर में 8 विकेट पर 226 रन बना लिये हैं. विकास रंजन 19 रन व शिवम बिना खाता खोले खेल रहे हैं. कोहली ने 61 रन देकर चार, बॉबी ने 73 रन देकर 3, मोये ने 26 रन देकर एक विकेट चटकाये.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >