पटना : बीमा योजना में मात्र 66 करोड़ रुपये का भुगतान : सुशील मोदी

डिप्टी सीएम ने केंद्रीय बीमा योजनाओं की समीक्षा की पटना : बिहार में केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री सुरक्षा और जीवन ज्योति बीमा योजना में आये दावों के निबटारे की स्थिति संतोषजनक नहीं है. इंश्योरेंस कंपनियां और बैंकों में मार्च , 2019 तक इन दोनों योजनाओं के तहत पांच हजार 278 दावे आये, जिनमें महज 66 […]

डिप्टी सीएम ने केंद्रीय बीमा योजनाओं की समीक्षा की
पटना : बिहार में केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री सुरक्षा और जीवन ज्योति बीमा योजना में आये दावों के निबटारे की स्थिति संतोषजनक नहीं है. इंश्योरेंस कंपनियां और बैंकों में मार्च , 2019 तक इन दोनों योजनाओं के तहत पांच हजार 278 दावे आये, जिनमें महज 66 करोड़ रुपये का ही भुगतान हो सका है.
यहां दोनों योजनाओं से जुड़े लोगों की संख्या 74 लाख 78 हजार और अटल पेंशन योजना में शामिल लोगों की संख्या 17 लाख 56 हजार है. डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने मुख्य सचिवालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में प्रधानमंत्री सुरक्षा, जीवन ज्योति बीमा तथा अटल पेंशन योजना की मौजूदा स्थिति की समीक्षा एलआइसी, नेशनल इंश्योरेंस और बैंकों के प्रतिनिधियों के साथ की. उन्होंने सभी संस्थाओं को योजनाओं में लंबित पड़े दावों का निष्पादन तेजी से करने का आदेश दिया है. खासकर बीमा योजना में लंबित पड़े मामलों का निबटारा तेजी से करने का निर्देश दिया है.
इस दौरान इन योजनाओं की मौजूदा स्थिति से जुड़ी कई अहम बातें सामने आयीं. डिप्टी सीएम ने कहा कि गुजरात में दोनों बीमा योजनाओं से 86 लाख लोग जुड़े हुए हैं. वहां अब तक आये दावों के अंतर्गत 267 करोड़ रुपये बांटे जा चुके हैं. राजस्थान में 78 लाख बीमा धारक हैं, वहां 210 करोड़ और छत्तीसगढ़ में 65 लाख बीमा धारक हैं, वहां 145 करोड़ का भुगतान लोगों से प्राप्त दावों के एवज में भुगतान किये जा चुके हैं. वहीं ,बिहार में सिर्फ 66 करोड़ का ही भुगतान हुआ है.
हाल में वित्त मंत्रियों की बैठक में बिहार के हस्तक्षेप के बाद जीविका के तहत जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत बीमा धारक 21 लाख 96 हजार स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की शेष राशि का प्रीमियम एलआइसी के माध्यम से जमा करने का निर्देश केंद्र ने दिया है. इस योजना के अंतर्गत प्रीमियम की आधी राशि लाभार्थी और शेष राशि केंद्र सरकार की तरफ से जमा कराने का प्रावधान है.
बैठक में अधिकारियों ने अटल पेंशन योजना समेत दोनों बीमा योजनाओं में शामिल होने और कवरेज की उम्र सीमा बढ़ाने के अलावा बीमा कराने के 45 दिन के अंदर कुछ भी होने पर बीमा का लाभ नहीं देने की बाध्यता को समाप्त करने का सुझाव दिया. इस पर उपमुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि इन मुद्दों पर वे केंद्र सरकार से बात करेंगे. उन्होंने बैंक अधिकारियों से दोनों बीमा योजनाओं में अधिक से अधिक खाता धारकों को शामिल करने के लिए अभियान चलाने का निर्देश दिया.
जिनकी राजनीति झूठ पर टिकी, वे दूसरों को कर रहे सावधान
पटना. डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने ट्वीट कर राजद प्रमुख लालू प्रसाद पर हमला किया है. हालांकि, उन्होंने बिना उनका नाम लिये इशारों में कटाक्ष किया है. कहा कि जिनकी पूरी राजनीति झूठ और धोखे पर टिकी रही, वे दूसरों को सावधान कर रहे हैं. मानो बगुला सफेद पंखों की वजह से खुद को हंस समझ रहा हो और साधु बनकर निरामिष होने का संदेश दे रहे हो. उन्होंने समाजवाद का नारा लगाया, जबकि पार्टी को परिवारवादी बनाया. नाम गरीबों का लिया, पर पूरे परिवार को करोड़पति बना दिया.
जो नोटबंदी, सर्जिकल स्ट्राइक, राफेल सौदे, रिजर्वेशन, नागरिकता कानून तक पर झूठ बोलते रहे, वे किसे सावधान कर सकते हैं.उन्होंने आगे लिखा है कि राजद को झारखंड में मात्र एक सीट मिली है, जबकि अहंकार इतना बढ़ गया कि उस अकेले विधायक को वे कैबिनेट मंत्री बनवाना चाहते हैं. बहुत कम मतों से एक सीट जीतने वाली पार्टी अब दिल्ली के भी सपने देखने लगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >