बीएन कॉलेज में प्रभात खबर के ‘संवाद’ कार्यक्रम में जुटे सैकड़ों छात्र व छात्र प्रतिनिधि
पटना : बीएन कॉलेज सभागार में बुधवार को ‘छात्र संघ चुनाव व छात्रों के मुद्दे’ विषय पर आयोजित प्रभात खबर के संवाद कार्यक्रम के दौरान छात्र प्रतिनिधियों ने एक स्वर में कॉलेजों में शैक्षणिक वातावरण में सुधार व महिला सुरक्षा की मांग को मजबूती के साथ उठाया.
सभी छात्र प्रतिनिधियों की यही मांग थी कि विवि में छात्रों को जरूरी सुविधाएं मुहैया हों, जिनके वे हकदार हैं. वोकेशनल और ट्रेडिशनल कोर्स में प्लेसमेंट की व्यवस्था, लैब, लाइब्रेरी, शिक्षकों की कमी, रेगुलर क्लासेज समेत कई अन्य समस्याएं, जो वर्षों से पटना विश्वविद्यालय में विद्यमान हैं, उनके निदान के लिए आवश्यक पहल करने की बात हुई. मौके पर मौजूद विवि के पदाधिकारियों ने भी उनकी बातों को सुना और उनके द्वारा उठाये गये मुद्दों को हल करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन भी दिया. छात्रों व प्रशासन के बीच कड़ी के रूप में प्रभात खबर ने इस मौके पर अपनी भूमिका निभायी.
महिला सुरक्षा व शैक्षणिक वातावरण की हुई बात
कार्यक्रम के दौरान छात्रों से जुड़े कई गंभीर मुद्दों पर बात हुई. इसमें महिला सुरक्षा व शैक्षणिक वातावरण की बात उठी. इसमें मुख्य रूप से कैंपस में असुरक्षा का भाव, मारपीट की घटनाओं पर रोक होने की बात उठी. यह कहा गया कि शैक्षणिक माहौल के लिए यह जरूरी है कि कॉलेज प्रशासन से लेकर विवि प्रशासन सोचे और कॉलेज को सुरक्षा कवच प्रदान करे. वहीं, जिला प्रशासन व पुलिस को भी इस ओर ध्यान देना होगा. तभी कॉलेजों में पढ़ाई-लिखाई का माहौल बनेगा.
कार्यक्रम में अध्यक्ष पद समेत सेंट्रल पैनल व काउंसेलर पद के कई प्रत्याशियों ने रखी अपनी बात
कार्यक्रम में सेंट्रल पैनल के अध्यक्ष पद समेत कई अन्य पदों के प्रत्याशी, काउंसेलर पद के प्रत्याशी संवादमें शामिल हुए. इनमें अध्यक्ष पैनल से नीरज कुमार यादव, मनीष कुमार, वरुणी पूर्वा, संतोष कुमार, कोषाध्यक्ष पद के प्रत्याशी अभिषेक, रोशन कुमार राजा, संयुक्त सचिव पद के प्रत्याशी सन्नी कुमार, काउंसेलर पद के उम्मीदवारों में रूपेश कुमार, कुणाल कुमार, एलिजा सोरेन, प्रणव सिंह, सौरभ कुमार, संजना कुमारी, शुभम कुमार आदि प्रत्याशी मौजूद थे. साथ ही कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पटना विश्वविद्यालय के डीन प्रो एनके झा, विशिष्ट अतिथि के रूप में प्राचार्य प्रो राजकिशोर प्रसाद, सिंडिकेट सदस्य प्रो मुरारी शरण मांगलिक, प्रभात खबर के वाइस प्रेसिडेंट विजय बहादुर, प्रभात के संपादक (बिहार) अजय कुमार समेत कई छात्र, शिक्षक, पत्रकार व अधिकारी मौजूद थे.
प्लेसमेंट, इंटर्नशिप, प्रैक्टिकल की हो व्यवस्था
छात्र प्रतिनिधियों के मुख्य मुद्दों में सुरक्षा के बाद प्लेसमेंट, इंटर्नशिप व प्रैक्टिकल आदि की व्यवस्था करने की थी. छात्र प्रतिनिधियों ने कहा कि वोकेशनल कोर्स के छात्रों को तो फिर भी कहीं-न-कहीं नौकरी मिल जाती है, लेकिन पारंपरिक कोर्स में प्लेसमेंट की व्यवस्था नहीं होती. छात्रों को अपने बलबूते ही जो करना होता है करते हैं, अन्यथा बेरोजगारी की ओर बढ़ जाते हैं. जबकि कॉलेज व विवि को चाहिए कि छात्रों को पढ़ाई के साथ ही उनका ओवरऑल पर्सनालिटी डेवलपमेंट कराये.
शिक्षकों की कमी बड़ी समस्या
पूरे विश्वविद्यालय में जिस चीज की सबसे अधिक आवश्यकता है, वही यहां सबसे कम है. कुछ एक विभाग में तो एक भी शिक्षक नहीं हैं. वहीं शिक्षकों के ज्यादातर पद खाली हैं.
