दानापुर :नाव परिचालन पर रोक लगाने पर नाविकों ने जाम की सड़क

दानापुर : प्रशासन द्वारा छठ पूजा को लेकर बुधवार को सुबह नासरीगंज घाट से नाव परिचालन पर रोक लगाने व पुलिस द्वारा नाविक की पिटाई किये जाने से गुस्साये नाविकों ने नाव का परिचालन ठप कर दिया. विरोध में नाविकों ने दानापुर-गांधी मैदान मुख्य मार्ग को नासरीगंज के पास आगजनी कर सड़क को जाम कर […]

दानापुर : प्रशासन द्वारा छठ पूजा को लेकर बुधवार को सुबह नासरीगंज घाट से नाव परिचालन पर रोक लगाने व पुलिस द्वारा नाविक की पिटाई किये जाने से गुस्साये नाविकों ने नाव का परिचालन ठप कर दिया. विरोध में नाविकों ने दानापुर-गांधी मैदान मुख्य मार्ग को नासरीगंज के पास आगजनी कर सड़क को जाम कर प्रदर्शन किया. जाम कर रहे नाविकों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. जाम के कारण सुबह 9 बजे से 11 बजे तक आवागमन बाधित रहा.
इससे वाहनों की लंबी कतार लग गयी और आम लोगों को भारी परेशानी झेलना पड़ी. जाम की सूचना पर पहुंचे सीओ महेंद्र प्रसाद गुप्ता, बीडीओ देवेंद्र कुमार, थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिन्हा व नप उपमुख्य पार्षद दीपक कुमार ने जाम कर रहे नाविकों को समझा-बुझा कर जाम हटवाया. नाविकों को नासरीगंज घाट से एक-एक कर नाव का परिचालन करने का आश्वासन दिया गया. नाविकों द्वारा विरोध में नाव का परिचालन बंद कर दिये जाने से घाट पर यात्रियों की भीड़ लगी रही. इससे यात्रियों को दो घंटे तक नाव के लिए इंतजार करना पड़ा.
आक्रोशित नाविकों ने बताया नासरीगंज से दियारे के लिए नौके का परिचालन किया जाता है. इस पर प्रशासन द्वारा रोक लगा दी गयी. इससे परेशानी हो रही है. नाविकों ने बताया कि पहले जिस घाट पर नाव लगाते थे, उस घाट से प्रशासन हटाकर दूसरे घाट से नाव का परिचालन करने का आदेश दिया गया है. दूसरे घाट पर नाव लगाने के बाद स्थानीय दबंग लोग नाव गंगा नदी में खोलकर बहा देते हैं और पूछने पर मारपीट करने पर उतारू हो जाते हैं. नाविकों ने बताया कि नाव परिचालन पर रोक लगाते हुए एक सिविल ड्रेस में आये पुलिस ने नाविक की पिटाई कर दी.
इसके विरोध में नाव का परिचालन बंद कर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया गया. सीओ श्री गुप्‍ता ने बताया कि नाव के परिचालन को लेकर नाविकों ने सड़क को जाम किया था. नाविकों के नाव परिचालन को लेकर व्‍यवस्‍था की गयी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >