पिता-पुत्र को हाइवा ने रौंदा, बेटे की मौत

पटना : दीघा थाना क्षेत्र के नकटा दियारा में शनिवार को दीपावली से पहले एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गयीं. साइकिल से मजदूरी के काम से जा रहे पिता-पुत्र को राजीव नगर थाना क्षेत्र के घुड़दौड़ चौक मोड़ पर गिट्टी लाद आ रही हाइवा गाड़ी ने रौंद दिया. हादसे के बाद दोनों को […]

पटना : दीघा थाना क्षेत्र के नकटा दियारा में शनिवार को दीपावली से पहले एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गयीं. साइकिल से मजदूरी के काम से जा रहे पिता-पुत्र को राजीव नगर थाना क्षेत्र के घुड़दौड़ चौक मोड़ पर गिट्टी लाद आ रही हाइवा गाड़ी ने रौंद दिया. हादसे के बाद दोनों को कुर्जी अस्पताल ले जाया गया, जहां पुत्र विशेखी राय (26 वर्ष) की मौत हो गयी, जबकि मृतक के पिता मजीतर राय गंभीर रूप से जख्मी हो गये. घटना के बाद चालक हाइवा छोड़ मौके से फरार हो गया. पुलिस ने गाड़ी को जब्त कर लिया है.

हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया. इसके विरोध में लोगों ने चक्का जाम कर आगजनी की. देर शाम मृतक के शव का पोस्टमार्टम किया गया. मजदूर की मौत के बाद आक्रोशित लोग सड़क पर उतर गये और घुड़दौड़ चौक मोड़ को जाम कर दिया.
लोगों ने शव के साथ करीब पांच घंटे तक बवाल काटा. टायर जला कर आगजनी भी की. इस कारण आशियाना दीघा व राजीव नगर रोड पूरी तरह से जाम हो गया. वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद हो गया. सड़क जाम कर रहे आसपास के लोग अनियंत्रित वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने तथा मुआवजा देने की मांग कर रहे थे.
पुलिस ने बदला रूट जयप्रकाश नाला रोड में रेंगती रहीं गाड़ियां
दीघा आशियाना रोड जाम होने के कारण घंटों गाड़ियां फंसी रहीं. हालांकि मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को जय प्रकाश नगर नाला से आशियाना, रूपसपुर होते हुए बेली रोड होते हुए दीघा की तरफ से निकाला. हालांकि गाड़ियों की संख्या अधिक होने की वजह से जयप्रकाश नगर नाला रोड की सड़क पर भी जाम लगा रहा. बाद में ट्रैफिक व दीघा थाने की पुलिस को भी बुलाना पड़ा. पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझाया, तब मामला शांत हुआ. सुबह छह बजे से 11 बजे तक सड़क जाम रही.
दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
मृतक की पत्नी बेबी देवी ने बताया कि पति व ससुर दोनों मजदूरी करने निकले थे. उसके दो छोटे-छोटे बच्चे लव कुश और अविनाश हैं. इनके ऊपर से पिता का साया उठ गया है. मौत की सूचना भैंसुर ने मोबाइल फोन पर दी. साइकिल विशेखी राय चला रहा था. वहीं आक्रोशित लोग मुआवजा की मांग को लेकर अड़े रहे.
हाइवा गाड़ी हरियाणा की है, जो गिट्टी लाद पटना आ रही थी. गाड़ी को जब्त कर ट्रैफिक पुलिस के हवाले सौंप दिया गया है. ड्राइवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी गयी है. वहीं गाड़ी मालिक को फोन कर मामले की सूचना दे दी गयी है. गाड़ी कहां जा रही थी, इसकी जानकारी ले ली गयी है, जल्द ही फरार ड्राइवर की गिरफ्तारी की जायेगी.
निशांत कुमार, राजीव नगर, थाना प्रभारी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >