मसौढ़ी : पटना-गया मुख्य मार्ग एसएच-1 स्थित धनरूआ थाना के हजरत सांईं बाजार के पास रविवार की शाम अनियंत्रित टाटा 407 ने सड़क पार कर रहे ससुर-दामाद को ठोकर मार दिया. ठोकर के बाद ससुर उक्त वाहन के अगले भाग में फंस कुछ दूर तक घसीटता चला गया. बताया जाता है कि मौके पर ही उसकी मौत हो गयी.
इधर अन्य वाहन के चालकों द्वारा इशारा करने व ग्रामीणों को पीछा करते देख उक्त वाहन का चालक सड़क किनारे खड़ी एक बोलेरो में टक्कर मार दिया. दुर्घटना में बोलेरो समेत 407 सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा पल्टा.
ग्रामीणों की भीड़ से बच 407 का चालक मौके से फरार हो गया. सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ग्रामीणों के सहयोग से वाहन में फंसे अधेड़ के क्षत विक्षित शव को बाहर निकाल थाना पर ले आया. मृतक की पहचान धनरूआ के बासोपींडी निवासी बीरेंद्र प्रसाद ( 50) के रूप में हुई. वहीं ठोकर से जख्मी मृतक के दामाद जहानाबाद के मखदुमपुर निवासी नागेंद्र प्रसाद को आनन-फानन में धनरूआ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया.
लोगों की मदद से पुिलस ने जाम हटवाया
सूचना पाकर थानाध्यक्ष सुमन कुमार मौके पर पहुंच स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं की मदद से लोगों को शांत कराया और सड़क जाम समाप्त कराया. इधर आक्रोशित ग्रामीणों को देख हजरत सांईं बाजार की सभी दुकानें अफरा-तफरी के माहौल में बंद हो गयी.
इस बीच इसकी सूचना मृतक बीरेंद्र प्रसाद के गांव के ग्रामीणों को हो गयी. ग्रामीण कई वाहनों पर सवार हो धनरूआ थाना पहुंच गये. वहां क्षत विक्षत शव को देख ग्रामीण आक्रोशित हो गये और कुछ दूरी पर स्थित घटना स्थल हजरतसाई पहुंच पटना-गया मुख्य सड़क को जाम कर हंगामा करना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने कई वाहनों पर रोड़ेबाजी कर शीशा तोड़ दिया.
मृतक के परिजन को िमलेगी सहायता
बीडीओ अजय कुमार ने पारिवारिक लाभ योजना के तहत मृतक के परिजनों को बीस हजार रुपये की राशि दी साथ ही मुखिया प्रेमशीला देवी ने कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत तीन हजार रुपये मृतक के परिजनों को दिया.
मृतक की पत्नी राजकुमरिया देवी के बयान पर 407 के चालक के ऊपर मामला दर्ज किया गया है. बताया जाता है कि बीरेंद्र प्रसाद रविवार की सुबह अपने दामाद नागेंद्र प्रसाद के साथ घर से भैंस खरीदने को कह निकला था. शाम तक विभिन्न गांवों में घूमने के बाद सांईं बाजार में नाश्ता कर सड़क पार कर घर जा रहा था, इसी दरम्यान घटना घटित हो गयी.
