पटना : राजद ने अपने सभी विधायकों को 15 से 20 हजार लोगों को सदस्य बनाने का टास्क सौंपा है, पर पार्टी के दो धाकड़ विधायकों ने अब तक न तो खुद सदस्यता ली है, आैर न ही किसी को सदस्य बनाया है. पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद के समधी और तेज प्रताप यादव के ससुर चंद्रिका राय ने अपनी सदस्यता का नवीकरण नहीं कराया है.
चंद्रिका राय का खुद का भी अपना राजनीतिक वजूद रहा है. हाल ही में उनकी बेटी ऐश्वर्या राय का विवाह पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप यादव से हुई है. पार्टी ने उन्हें लोकसभा चुनाव में सारण सीट पर उम्मीदवार भी बनाया था. सारण की राजनीति में महत्वपूर्ण माने जाने वाले पूर्व सीएम दारोगा प्रसाद राय के बेटे चंद्रिका राय ने राजद की सदस्यता अभियान में रूचि नहीं दिखायी है.
इस संबंध में पूछे जाने पर चंद्रिका राय ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपनी सदस्यता का नवीकरण नहीं कराया है. कुरेदे जाने पर उन्होंने कहा कि अभी वो दूसरे कार्यों में व्यस्त हैं. चंद्रिका राय की गिनती राजद में तेज तर्रार, सौम्य व सरल छवि के नेताओं में होती है. वे लालू-राबड़ी सरकार में कई विभागों के मंत्री भी रहे हैं.
इसी प्रकार राजद अध्यक्ष के कभी खास रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री मो एए फातमी के बेटे डाॅ फेराज फातमी ने भी अपनी सदस्यता का नवीकरण नहीं कराया है. फेराज फातमी 2015 के विस चुनाव मे राजद की टिकट पर केउटी विस सीट से विधायक बने हैं.
लोकसभा चुनाव में उनके पिता मधुबनी या दरभंगा से टिकट नहीं मिलने से नाराज थे. हाल के दिनों में मो एए फातमी जदयू में शामिल हो गये हैं. पार्टी सदस्यता नहीं लेने की फेराज फातमी ने भी पुष्टि की है. उन्होंने इसके लिए अपनी बीमारी का हवाल देते हुए कहा कि जब वह स्वस्थ होंगे, तब इस ओर सोचेंगे. उन्होंने कहा कि वो राजद में हैं, अस्वस्थ्य होने के कारण वह सदस्यता अभियान में हिस्सा नहीं ले रहे.
गौरतलब है कि राजद के सभी विधायकों को 20 हजार नये सदस्य बनाने का लक्ष्य सौंपा गया है. इसके लिए सभी विधायकों को सदस्यता संबंधी रशीद व कागजात दिये गये हैं. चंद्रिका राय व फेराज फातमी ने सदस्यता संबंधी कागजात नहीं लिया है. बाकी के सभी विधायकों ने प्रदेश कार्यालय से सदस्यता अभियान की रशीद आदि प्राप्त कर चुके हैं.
