पटना : पटना एनआइए के प्रभारी विशेष न्यायाधीश दीपक कुमार की अदालत में गुरुवार को एके 47 की चोरी व आपूर्ति मामले में अभियुक्त मिर्जापुर(बरदह) मुंगेर के निवासी मुश्तकीम उर्फ मंगल खां ने आत्मसमर्पण कर दिया. अभियुक्त को विशेष न्यायाधीश ने न्यायिक हिरासत में लेते हुए 13 सितंबर तक के लिए बेऊर जेल भेज दिया.
गौरतलब हो कि मुंगेर मुफ्फसिल थाना की पुलिस ने दो व्यक्तियों को सात सितंबर 2018 को एके 47 के साथ गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए उक्त बरामदगी पर एनआइए को जांच के लिए मामला दे दिया गया. एनआइए ने प्रारंभिक जांच कर पांच अक्तूबर 2018 को कुल 26 अभियुक्तों के खिलाफ भादवि की धारा 121, 379, 414, 120बी/34, आर्म्स एक्ट की धारा 25 (1/ए), 25 (1/एए), 26, 35 तथा यूएपी एक्ट 39 में मामला दर्ज किया. अभियुक्त मुश्तकीम उर्फ मंगल खां एफआइआर का नामजद अभियुक्त है. एनआइए ने अब तक इस मामले में कुल 9 अभियुक्तों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया है.
अभियुक्तों पर आरोप है कि वह आपसी षड्यंत्र करके केंद्रीय आयुष डिपो जबलपुर से एके 47 रायफल की बड़े पैमाने पर चोरी कर मुंगेर समेत बिहार के विभिन्न स्थानों पर माओवादियों व कुख्यात अपराधियों को आपूर्ति किया. उक्त मामले का खुलासा मो इरफान की गिरफ्तारी के बाद ही हुआ था.
