पटना : छापेमारी में एक करोड़ की नकली किताबें बरामद

फुलवारीशरीफ/पटना : राजधानी में डुप्लीकेट किताबें प्रकाशित कर बेचे जाने के बड़े कारोबार का खुलासा शुक्रवार को हुआ. रामकृष्ण नगर इलाके में बुक पब्लिकेशन के अधिकारियों के साथ स्थानीय पुलिस की एक गोदाम पर छापेमारी में करीब एक करोड़ रुपये कीमत की नकली किताबें बरामद की गयी हैं. बताया जा रहा है कि बरामद किताबें […]

फुलवारीशरीफ/पटना : राजधानी में डुप्लीकेट किताबें प्रकाशित कर बेचे जाने के बड़े कारोबार का खुलासा शुक्रवार को हुआ. रामकृष्ण नगर इलाके में बुक पब्लिकेशन के अधिकारियों के साथ स्थानीय पुलिस की एक गोदाम पर छापेमारी में करीब एक करोड़ रुपये कीमत की नकली किताबें बरामद की गयी हैं. बताया जा रहा है कि बरामद किताबें पांच प्रकाशनों की हैं और वे सभी नकली हैं.
मौके से मुख्य आरोपित राजेश कुमार फरार होने में सफल रहा. उसके तीन गोदाम बताये जाते हैं. प्रकाशन कंपनियों की शिकायत पर पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की. छापेमारी टीम ने यहां काम कर रहे 16 मजदूरों को हिरासत में लिया है. पुलिस ने इस गोदाम से नकली किताब छापने की प्रिंटिंग मशीनें भी जब्त की हैं. प्रिंटिंग मशीन के साथ ही बुक बाइंडिंग, कटिंग आदि कई तरह की मशीनें बरामद की गयी हैं.
जिन 16 मजदूरों को हिरासत में लिया गया है, उनमें भागलपुर का गौतम कुमार, सैदपुर का हीरा महतो, रतन कुमार, मुसल्लहपुर हाट का उमेश ठाकुर, अनिल कुमार, भिखना पहाड़ी का मनीष कुमार व शेखर कुमार, महेंद्रू का रंजीत कुमार, बैरिया का अरविंद प्रसाद, शशि कुमार, पटना सिटी का राजकुमार, राजेश कुमार मेहता, मुन्ना कुमार, रंजीत महतो, गायघाट का मुन्ना कुमार व सचिन कुमार शामिल हैं. पूछताछ के दौरान मजदूरों ने बताया कि वे प्रतिदिन 500 रुपये में गोदाम में काम करते थे.
राजेश के संभावित ठिकानों पर होगी छापेमारी
राजेश की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकाने पर रेड कर रही है. उसकी गिरफ्तारी के बाद इस नकली किताबों के बड़े रैकेट से पर्दाफाश होने की उम्मीद है. राजेश के बाकी के दो गोदामों पर भी पुलिस की टीम रेड करेगी. बाकी के दोनों गोदामों में भी बड़े पैमाने पर डुप्लीकेट किताबों का स्टॉक होने की उम्मीद जतायी जा रही है.
थानेदार सुबोध कुमार ने बताया की बुक पब्लिकेशन के अधिकारियों को इस इलाके में नकली किताबों के गोदाम के बारे में जानकरी मिली थी. उनकी शिकायत एक व्यक्ति राजेश के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है. बुक पब्लिकेशन के पास छापेमारी करने का अधिकार होता है. राम कृष्णा नगर थाना पुलिस छापेमारी में सहयोग करने गयी थी.
50 हजार पीस नकली किताबें जब्त
छापेमारी के दौरान गोदाम के अंदर से करीब 50 हजार पीस डुप्लीकेट किताबें बरामद की गयीं. बरामद डुप्लीकेट किताबें एमबीडी, बीडीबी, स्टूडेंट फ्रेंड और भारती भवन की हैं. बीडीबी प्रकाशन के अधिकारी आशुतोष कुमार के अनुसार बरामद किताब की कीमत करीब एक करोड़ रुपये से अधिक की होगी. गोदाम का मालिक राजेश कुमार डुप्लीकेट किताबों के गोरखधंधे का एक बड़ा माफिया है.
बुक पब्लिकेशन के अधिकारियों के मुताबिक यहां भारती भवन का बिहार सेकेंडरी स्कूल एग्जामिनेशन गाइड 10वीं का, एमबीडी एग्जामिनेशन गाइड 10वीं का, स्टूडेंट फ्रेंड 12वीं का और बीटीबीसी का बुक तैयार करके मार्केट में आधे दामों पर बेचा जाता था. पुलिस अभी और ठिकानों पर छापेमारी करने में लगी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >