पटना : शनिवार की सुबह सात बजे मीठापुर रेल पुल के ऊपर से रेलवे ट्रैक पर एक 35 वर्षीय युवक कूद गया, जिससे उसकी मृत्यु घटना स्थल पर ही हो गयी. रेलवे ट्रैक पर जैसे ही युवक कूदा, तो पास में खड़े कुछ लोगों ने तत्काल प्लेटफॉर्म संख्या आठ-नौ पर गश्ती कर रहे जीआरपी जवान को सूचित किया. सूचना मिलते ही जीआरपी पहुंची, तब तक युवक की मृत्यु हो चुकी थी. मृतक युवक के पास से आधार कार्ड मिला है, जिसमें नाम कृष्णा राव मोहन राव खंडेकर है. उसकी पहचान महाराष्ट्र के नागपुर जिले के स्वामी विवेकानंद नगर पतवारी लाइन सीहोरा के रहने वाले के रूप में हुई है.
घटना के प्रत्यक्षदर्शी ने पुलिस को बताया कि युवक टहलते मीठापुर सब्जी मंडी के ऊपर फ्लाइ ओवर पर पहुंचा और चिल्लाने लगा कि कूद रहा हूं कूद रहा हूं. कुछ लोग पकड़ने की कोशिश किया, तब तक छलांग लगा दिया.
पटना जंक्शन जीआरपी थानाध्यक्ष रवि प्रकाश सिंह ने बताया कि मृतक युवक के सिर में गंभीर चोट लगी है, जिससे उसकी मृत्यु हो गयी है. हालांकि, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मृतक युवक के परिजन को भी फोन के माध्यम से घटना की जानकारी दे दी गयी है. युवक पागलपन में छलांग लगाया है या फिर आत्महत्या किया है. पुलिस इसकी तहकीकात कर रही है.
