शाहपुर इलाके से हाल में लूटी थीं दो बाइकें, हथियार व चार बाइकें बरामद
पटना : दानापुर थाना क्षेत्र के डीएवी स्कूल प्रांगण में डकैती की योजना बना रहे पांच अपराधियों को पटना पुलिस ने पकड़ लिया. इन लोगों के पास से पुलिस ने एक देशी पिस्टल, पांच कारतूस , लूटा गया मोबाइल फोन व चार बाइक बरामद किया गया है. पकड़े गये अपराधियों में राजा खान, मो सोहैल, रौशन कुमार उर्फ रणवीर कुमार, सूरज कुमार उर्फ सरोज कुमार व विट्टु जायसवाल उर्फ सम्राट कुमार शामिल हैं. ये सभी दानापुर के इमलीतल के रहने वाले हैं.
मंगलवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में एसएसपी गरिमा मलिक ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने स्कूल प्रांगण में छापेमारी की तो अपराध की योजना बना रहे अपराधीवहां से भागने लगे. हालांकि पांच अपराधियों को खदेड़ कर पकड़ लिया गया. बाइक चोरी व लूट की घटनाओं को अंजाम देने में शामिल पांचों अपराधियों के पूर्व के इतिहासको खंगाला जा रहा है. बरामद चार बाइक में से दो बाइक को इस गिरोह ने शाहपुर थाना क्षेत्र में हाल में ही लूटा था और फिलहाल उसका नंबर प्लेट नहीं बदला था.
इन अपराधियों द्वारा बाइक की लूट करने के बाद उसे बिक्री कर देते थे. पुलिस यह भी संभावना जता रही है कि बाइक लूटने के बाद शराब तस्करों को बेच देते थे. क्योंकि अच्छी रकम शराब तस्करों से ही मिलती थी. जिसका उपयोग तस्कर शराब की डिलिवरी करने में करते थे. अपराधियों से पूछताछ कर इन बातों का सत्यापन किया जा रहा है.
